Jharkhand: शहादत दिवस पर शहीद एसपी अमरजीत बलिहार को श्रद्धांजलि, पाकुड़ में आयोजित हुआ सम्मान समारोह

पाकुड़: शहीद पुलिस अधीक्षक अमरजीत बलिहार के शहादत दिवस पर गुरुवार को पाकुड़ में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने समाहरणालय स्थित शहीद अमरजीत बलिहार पार्क एवं शहीद अमरजीत बलिहार चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

शहीद पुलिसकर्मियों को भी किया गया नमन

कार्यक्रम के दौरान एसपी ने शहीद एसपी अमरजीत बलिहार के साथ शहीद हुए चालक आरक्षी अशोक कुमार श्रीवास्तव, आरक्षी संतोष कुमार मंडल, आरक्षी चंदन कुमार थापा, आरक्षी राजीव कुमार शर्मा तथा आरक्षी मनोज कुमार हेम्ब्रम को भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।

शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित

श्रद्धांजलि सभा के दौरान पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने शहीदों के परिजनों को शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए शहीदों का सर्वोच्च बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा और पुलिस विभाग उनके त्याग एवं समर्पण को हमेशा याद रखेगा।

प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने दी श्रद्धांजलि

इस अवसर पर उप-विकास आयुक्त, उपसमाहर्ता, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित जिले के कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को राष्ट्र के लिए अमूल्य बताया।

Exit mobile version