Uttar Pradesh: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला में आरोपियों को अयोध्या में नहीं मिलेगा वकील? बार एसोसिएशन की बैठक में होगा अंतिम फैसला

अयोध्या: राम मंदिर में चढ़ावा के कथित चोरी मामले में गिरफ्तार 8 आरोपियों को अयोध्या में कानूनी पैरवी मिलना मुश्किल हो सकता है। फैजाबाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने रविवार को बताया कि आरोपियों का मुकदमा नहीं लड़ने का अंतिम निर्णय सोमवार को प्रस्तावित आम सभा की बैठक में लिया जाएगा।बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका मिश्रा ने कहा कि इस मुद्दे पर अधिवक्ताओं की बैठक में अंतिम फैसला लिया जाएगा।

2005 में भी आतंकवादी हमले के आरोपियों की पैरवी से किया था इनकार

कालिका मिश्रा ने बताया कि वर्ष 2005 में भी अयोध्या के अधिवक्ताओं ने राम जन्मभूमि परिसर पर हुए आतंकवादी हमले के आरोपियों की पैरवी नहीं करने का निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि इस बार भी अधिवक्ताओं में गहरा आक्रोश है और सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

‘चोरी की घटना से हम सभी आहत’

बार एसोसिएशन के सचिव शैलेंद्र जायसवाल ने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी की घटना से सभी अधिवक्ता आहत हैं। उन्होंने बताया कि अधिकांश वकीलों ने आरोपियों की पैरवी नहीं करने पर सहमति जताई है। हालांकि अंतिम निर्णय आम सभा की बैठक में लिया जाएगा, जिसके बाद आगे की रणनीति तय होगी।

आरोपियों को पेश करने के तरीके पर भी वकीलों ने जताई नाराजगी

वकील विवेक कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपियों को रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष गुपचुप तरीके से पेश किया। उनका कहना था कि आरोपियों को भारी सुरक्षा घेरे में पेश करने के बजाय पहले जनता के बीच लाया जाना चाहिए था।

‘कुछ लोगों की वजह से अयोध्या की छवि धूमिल हुई’

सीनियर वकील राजेंद्र चौधरी ने कहा कि कुछ लोगों की हरकतों के कारण अयोध्यावासियों की छवि पूरी दुनिया में प्रभावित हुई है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

आरोपियों के घरों पर पुलिस की छापेमारी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन मामले में गिरफ्तार सभी 8 आरोपियों के घरों पर रविवार को एक साथ छापेमारी की गई। स्थानीय मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, रमाशंकर यादव समेत सभी आरोपियों के घरों की तलाशी ली।यह कार्रवाई अदालत द्वारा सभी आरोपियों को 29 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद की गई। माना जा रहा है कि सोमवार को अदालत में पेशी के दौरान पुलिस आरोपियों की रिमांड की मांग कर सकती है।

Exit mobile version