Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: नालंदा में खेत के बीच चल रही मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, 4 तस्कर रंगे हाथ गिरफ्तार

नालंदा : बिहार के नालंदा जिले में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए परवलपुर थाना क्षेत्र के महुआ कटहरी गांव में खेत की मेड़ (अलंग) पर संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर हथियार बना रहे चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

खेत के अंदर बन रहे थे अवैध हथियार

परवलपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने पहले इलाके की गुप्त निगरानी की और फिर खेत को चारों ओर से घेरकर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके पर हथियार बनाने में जुटे मिले। भागने की कोशिश करने पर भी पुलिस ने सभी को पकड़ लिया।

तैयार और अर्द्धनिर्मित हथियार समेत उपकरण जब्त

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक तैयार हथियार, कई अर्द्धनिर्मित हथियार, पाइप, स्प्रिंग, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, हथौड़ी, फाइल और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए। पुलिस के अनुसार, मौके पर हथियारों की फिनिशिंग और असेंबलिंग का काम चल रहा था, जिससे स्पष्ट है कि यहां लंबे समय से अवैध हथियार तैयार किए जा रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस ने जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान राजदेव यादव (परवलपुर थाना क्षेत्र),शिशुपाल मिस्त्री (चिकसौरा थाना क्षेत्र),पप्पू कुमार (चिकसौरा थाना क्षेत्र) और देव विश्वकर्मा (चिकसौरा थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सभी आरोपियों ने अवैध हथियार बनाने और उनकी बिक्री करने की बात स्वीकार की है।

पंचायत चुनाव से पहले बढ़ी जांच

पुलिस को आशंका है कि आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए अवैध हथियारों की मांग बढ़ सकती है। साथ ही इन हथियारों का इस्तेमाल आपराधिक घटनाओं में भी किया जा सकता है। इसी कारण पुलिस पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और खरीददारों की पहचान करने में जुटी है।

अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी जारी

थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। उनकी निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। बरामद हथियारों और उपकरणों को जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button