Jharkhand: धनबाद में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का बड़ा बयान, बोले- शिबू सोरेन को मिलना चाहिए भारत रत्न

धनबाद: जामताड़ा से रांची जाने के दौरान झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी धनबाद के बरवाअड्डा स्थित अपना ढाबा पहुंचे। यहां झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्य और राष्ट्रीय राजनीति के साथ-साथ स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े कई अहम मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

‘इसी जगह गुरुजी से हुई थी मुलाकात’

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि वह जानबूझकर अपना ढाबा पहुंचे, क्योंकि इसी स्थान पर उनकी मुलाकात झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन से हुई थी।उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन को पद्मभूषण सम्मान मिलना पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। यह सम्मान उनके लंबे संघर्ष, त्याग और राज्य के लिए किए गए योगदान का सम्मान है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि शिबू सोरेन को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए और केंद्र सरकार को इस विषय पर पुनर्विचार करना चाहिए।

राज्यसभा चुनाव में हार पर भाजपा पर साधा निशाना

राज्यसभा चुनाव में गठबंधन समर्थित उम्मीदवार की हार को लेकर इरफान अंसारी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में धनबल का प्रभाव देखने को मिला।मंत्री ने कहा कि यदि जनता हराती तो बात समझ में आती, लेकिन यहां “पैसे ने हराया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झारखंड के हितों की अनदेखी कर रही है और व्यवसायियों को बढ़ावा दे रही है। उनके अनुसार, “जनता कांग्रेस के साथ है और पैसा भाजपा के साथ है।”

स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करने का दावा

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में 200 से अधिक डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है, जिनमें सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर भी शामिल हैं।उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को बेहतर वेतन और सुविधाएं देकर राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है, ताकि आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके।

कैंसर की दवाओं की कीमत पर उठाए सवाल

इरफान अंसारी ने कैंसर की दवाओं की बढ़ती कीमतों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की दवाएं आम लोगों की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं और केंद्र सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

घोटाले के आरोपों पर दी सफाई

स्वास्थ्य मंत्री ने अपने ऊपर लगाए गए घोटाले के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनका किसी भी प्रकार के घोटाले से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने दोहराया कि उनका पूरा ध्यान स्वास्थ्य विभाग में सुधार और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर केंद्रित है।

Exit mobile version