Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, गोपालगंज पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

गोपालगंज:बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई विजयेन्द्रनाथ तिवारी पर बिहार के गोपालगंज जिले में पैतृक जमीन विवाद को लेकर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और आरोपी के खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं।

जमीन विवाद में हुआ हमला

पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 को माधोपुर थाना क्षेत्र के बेलसंड तिवारी टोला निवासी विजयेन्द्रनाथ तिवारी पर पूर्व से चले आ रहे जमीन विवाद को लेकर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और माधोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।घायल विजयेन्द्रनाथ तिवारी को पहले सदर अस्पताल, गोपालगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।

एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हमले में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और आरोपी द्वारा पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।

आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत की प्रक्रिया शुरू

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पूर्व के जमीन विवाद को लेकर पड़ोसी राजेश साह ने विजयेन्द्रनाथ तिवारी पर कुल्हाड़ी से हमला किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी राजेश साह (पिता- महेश साह), निवासी बेलसंड, माधोपुर थाना क्षेत्र को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।

विशेष टीम करेगी मामले की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी ने जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार के नेतृत्व में गठित यह टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button