Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: खूंटी में पुलिस और पीएलएफआई उग्रवादियों के बीच मुठभेड़, एरिया कमांडर श्रवण दास पैर में गोली लगने से घायल

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में पुलिस और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया के बीच मुठभेड़ हुई है। इस दौरान संगठन का सक्रिय एरिया कमांडर श्रवण दास पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ कर्रा और जरियागढ़ थाना क्षेत्र की सीमा से सटे जंगलों में हुई।

सात उग्रवादी गिरफ्तार, श्रवण दास भी पुलिस की गिरफ्त में

पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार रात जरियागढ़ क्षेत्र में छापेमारी कर पीएलएफआई के एरिया कमांडर श्रवण दास समेत सात उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो हथियार बरामद किए गए।पूछताछ में श्रवण दास ने खुलासा किया कि जंगल में और भी हथियार छिपाकर रखे गए हैं। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम उसे हथियार बरामद कराने के लिए घटनास्थल पर लेकर गई।

जवान की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, हथियार बरामदगी के दौरान श्रवण दास ने अचानक एक जवान की पिस्टल छीन ली और जंगल की ओर भागने लगा। भागते समय उसने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की।जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें श्रवण दास के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे पुलिस ने दोबारा अपने कब्जे में लिया और तत्काल अस्पताल भेज दिया।

जंगल से तीन हथियार बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने श्रवण दास की निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखे गए तीन हथियार बरामद किए। अधिकारियों का कहना है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में किया जा रहा था।

लेवी वसूली और आगजनी सहित कई मामलों में आरोपी

पुलिस के अनुसार, श्रवण दास लंबे समय से प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई के लिए सक्रिय था। उस पर ठेकेदारों से लेवी वसूली, पुलिस और सुरक्षा बलों पर फायरिंग, वाहनों एवं पोकलेन मशीनों में आगजनी तथा अन्य उग्रवादी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।

एसपी ऋषभ गर्ग ने संभाली कमान

घटना की जानकारी मिलते ही खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की। फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा पीएलएफआई नेटवर्क से जुड़े अन्य उग्रवादियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button