Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: पालकोट में व्यापारी लूटकांड के 5 शातिर अपराधी गिरफ्तार, 3 देसी पिस्तौल और लूटी गई बाइकें बरामद

गुमला : झारखंड के गुमला जिले की पालकोट, बसिया और पुसो थाना पुलिस ने एक संयुक्त विशेष अभियान चलाकर एक बड़े अंतरजिला मोटरसाइकिल और नगदी लूट गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पालकोट प्रखंड मुख्यालय में बीते 15 जून को दो वनोपज व्यापारियों से हथियार के बल पर हुई लूट के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।अपराधियों के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और अन्य जिलों से लूटी गई मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

ग्रामीणों की जांबाजी से खुला गिरोह का राज

इस बड़े आपराधिक नेटवर्क का खुलासा करने में स्थानीय ग्रामीणों ने अद्भुत साहस का परिचय दिया। बसिया डीएसपी शिवशंकर मरांडी ने पालकोट थाना में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरी घटना की कड़ियों को सामने रखा। 15 जून को पालकोट साप्ताहिक बाजार के दिन तीन हथियारबंद बाइक सवार अपराधियों ने दो स्थानीय वनोपज व्यापारियों को घेरकर हथियार के बल पर नगदी लूट ली थी। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे अपराधियों को पाकर टोली गांव के समीप स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी सूझबूझ से चारों तरफ से घेर लिया। ग्रामीणों ने जान की बाजी लगाकर एक अपराधी को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसके दो अन्य साथी चकमा देकर भागने में सफल रहे थे।

तीन थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने की ताबड़तोड़ छापेमारी

मौके से पकड़े गए अपराधी से जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने गिरोह के पूरे नेटवर्क और अन्य साथियों के ठिकानों का उगल दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पालकोट, बसिया और पुसो थाना की पुलिस ने एक संयुक्त स्पेशल टीम बनाई। इस टीम ने जिले के विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर रात भर ताबड़तोड़ छापेमारी की और गिरोह के बाकी 4 सदस्यों को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

गिरफ्तार अपराधियों की सूची

पुलिस की गिरफ्त में आए पांचों अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम और पते इस प्रकार हैं।

रमेश साहू (ग्राम- पुंटो साशन टोली, थाना- घाघरा, गुमला)

किशन महतो (ग्राम- कोनबीर, थाना- बसिया, गुमला)

नीमा बड़ाईक (ग्राम- कोनबीर, थाना- बसिया, गुमला)

सुमन सिंह (ग्राम- कोचेडेगा, थाना- बसिया, गुमला)

कमल सिंह (ग्राम- चराईडीह, थाना- बसिया, गुमला)

हथियार, कारतूस और जरियागढ़ से लूटी गई अपाचे बरामद

पुलिस ने इन अपराधियों के पास से भारी मात्रा में आर्म्स और लूटी गई संपत्ति जब्त की है, जिसमें शामिल हैं 03 देसी पिस्तौल और 03 मैगजीन,04 जिंदा कारतूस (एम्युनिशन),02 अपाचे मोटरसाइकिल (जांच में पता चला कि ये दोनों बाइकें अपराधियों ने खूंटी जिले के जरियागढ़ थाना क्षेत्र से हथियार के बल पर लूटी थीं)।

गुमला, सिमडेगा और खूंटी तक फैला था खौफ का नेटवर्क

डीएसपी शिवशंकर मरांडी ने बताया कि इस गिरोह का नेटवर्क केवल गुमला तक सीमित नहीं था, बल्कि यह आस-पास के कई जिलों में सक्रिय था। पूछताछ में अपराधियों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने पालकोट, बसिया, पुसो और पड़ोसी जिले सिमडेगा के कोलेबिरा थाना क्षेत्र में राहजनी, कट्टा दिखाकर बाइक छीनने और व्यापारियों से लेवी व नगदी लूटने की कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये रहे मौजूद

इस सफल अभियान और अपराधियों की घेराबंदी करने वाली टीम में मुख्य रूप से इंस्पेक्टर गुलशन भेंगरा, पालकोट थाना प्रभारी तरुण कुमार, पुसो थाना प्रभारी जहांगीर खान, और बसिया थाना प्रभारी कृष्णा कुमार समेत कई पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि गिरोह के कुछ अन्य सदस्य अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button