Bihar INFACTNews

Bihar: गया में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में 40 लाख के सोना लूटकांड के दो आरोपियों का ‘हाफ एनकाउंटर’ , 150 ग्राम सोना बरामद

गयाजी : बिहार में बेखौफ अपराधियों के खिलाफ गया पुलिस ने एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में दो कुख्यात अपराधी पैर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर उनके पास से लूटा गया करीब 150 ग्राम सोना भी बरामद कर लिया है।मुठभेड़ में घायल अपराधियों की पहचान सुजीत कुमार और श्रवण मल्लाह के रूप में हुई है, जो गुरुआ बाजार के चर्चित स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड के मुख्य आरोपी हैं।

चाल्हो पहाड़ी पर घेराबंदी, पुलिस को देखते ही दागने लगे गोलियां

गया के एसएसपी सुशील कुमार ने एनकाउंटर की पुष्टि करते हुए बताया कि 27 मई को गुरुआ बाजार में स्वर्ण व्यवसायी प्रभाकर कुमार वर्णवाल से हथियार के बल पर करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने और गहनों की अंधाधुंध लूट हुई थी। इस बड़ी वारदात के बाद से ही पुलिस की विशेष टीम गिरोह के पीछे लगी थी। सोमवार की देर रात पुलिस को इनपुट मिला कि लूटकांड से जुड़े अपराधी चाल्हो पहाड़ी इलाके में छिपे हुए हैं।जैसे ही पुलिस टीम ने पहाड़ी इलाके की घेराबंदी शुरू की, खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर सीधे गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। पुलिस टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत पोजीशन ली।

आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में अपराधियों के पैर में लगी गोली

एसएसपी के मुताबिक, अपराधियों की तरफ से लगातार हो रही फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षा में नियंत्रित रूप से जवाबी फायरिंग की। पुलिस की इस जवाबी कार्रवाई में गिरोह के दो मुख्य शूटरों को गोली लगी। इसमें से एक अपराधी को दोनों पैरों में और दूसरे को दाहिने पैर में गोली लगी है। गोली लगते ही दोनों चीखते हुए जमीन पर गिर पड़े, जिन्हें पुलिस ने तुरंत धर-दबोचा। वहीं दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए गया के मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नियंत्रण में है।

अंधेरे का फायदा उठाकर 3 अपराधी फरार, 150 ग्राम सोना ज़ब्त

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, एनकाउंटर के वक्त आधी रात का समय था और पहाड़ी इलाके में घाना अंधेरा छाया हुआ था। पुलिस की गोली से घायल सुजीत और श्रवण तो वहीं गिर गए, लेकिन मौके पर मौजूद उनके तीन अन्य साथी इसी घने अंधेरे और पथरीले रास्ते का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूट का करीब 150 ग्राम शुद्ध सोना बरामद कर लिया है। इसके अलावा पुलिस को इस गिरोह के पूरे नेटवर्क और बाकी बचे गहनों को लेकर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य हाथ लगे हैं।गया पुलिस का साफ कहना है कि अपराधियों का दलन और उनके सफाए का अभियान जारी रहेगा। फरार हुए तीनों अपराधियों को चिन्हित कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए गया, शेरघाटी और आसपास के इलाकों में लगातार सघन छापेमारी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button