Bihar: मोतिहारी में 10.540 किलो अफीम के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार, झारखंड-बिहार ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा

मोतिहारी : पूर्वी चंपारण पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। डुमरियाघाट थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी और वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने 10.540 किलोग्राम अफीम जैसे मादक पदार्थ के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद खेप झारखंड से बिहार लाई जा रही थी।पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एर्टिगा कार, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी जब्त कर लिया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गुप्त सूचना पर चला वाहन जांच अभियान
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर डुमरियाघाट थाना पुलिस और एसटीएफ की टीम को सूचना मिली थी कि एक एर्टिगा कार के जरिए भारी मात्रा में मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है।सूचना के आधार पर रामपुर खजुरिया के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध एर्टिगा कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
कार की डिक्की से मिले 9 पैकेट
तलाशी के दौरान कार की डिक्की से टेप में लिपटे नौ पैकेट बरामद किए गए। जांच में इन पैकेटों में कुल 10.540 किलोग्राम अफीम जैसा मादक पदार्थ पाया गया।पुलिस ने मौके पर ही तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया और बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया।
झारखंड और बिहार के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सारजन कुमार यादव (चतरा, झारखंड),मुन्ना कुमार यादव (गया, बिहार) और अर्जुन कुमार साव (झारखंड) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पूर्वी चंपारण के गोविंदगंज थाना क्षेत्र निवासी जितेंद्र सहनी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस खंगाल रही पूरे नेटवर्क की कड़ियां
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के बाद पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था।जांच एजेंसियां तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।
शराबबंदी के बाद बढ़ी ड्रग्स तस्करी की चुनौती
बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी और सूखे नशे के कारोबार को लेकर लगातार चिंता जताई जाती रही है। हालांकि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ऐसे नेटवर्क पर कार्रवाई कर रही हैं, फिर भी तस्कर नए-नए तरीकों से अवैध कारोबार को अंजाम देने की कोशिश कर रहे हैं।इस कार्रवाई को पूर्वी चंपारण पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिसने एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।



