Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित, पवन सिंह और निशांत कुमार बने एमएलसी

पटना। बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए हो रहे चुनाव में सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए हैं। इनमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के 9 और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 1 उम्मीदवार शामिल हैं। नाम वापसी की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद किसी भी सीट पर मुकाबले की स्थिति नहीं बनी, जिसके चलते सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध विजयी घोषित किया गया।

भोजपुरी स्टार पवन सिंह और निशांत कुमार पहुंचे विधान परिषद

इस चुनाव की सबसे चर्चित जीतों में भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह तथा जदयू नेता निशांत कुमार का नाम शामिल है। दोनों पहली बार बिहार विधान परिषद के सदस्य बने हैं। जदयू ने निशांत कुमार को जबकि भाजपा ने पवन सिंह को उम्मीदवार बनाया था।

जदयू के चार उम्मीदवार बने एमएलसी

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के जिन उम्मीदवारों को निर्विरोध जीत मिली है, उनमें निशांत कुमार, भारती मेहता, शिवरानी देवी प्रजापति और ललन प्रसाद शामिल हैं। ललन प्रसाद उस सीट से निर्वाचित हुए हैं, जो पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई थी।

भाजपा के चार उम्मीदवारों की जीत

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से भोजपुरी स्टार पवन सिंह के अलावा संजय प्रकाश मयूख, अनिल ठाकुर और शीला पंडित को निर्विरोध जीत मिली है।

लोजपा (रामविलास) और राजद को एक-एक सीट

एनडीए सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अशरफ अंसारी तथा राजद के सुनील सिंह भी विधान परिषद के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं।

दीपक प्रकाश के मंत्री पद पर संकट

दूसरी ओर, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता और केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र दीपक प्रकाश को इस बार एनडीए की ओर से उम्मीदवार नहीं बनाया गया। ऐसे में वे विधान परिषद की सदस्यता हासिल नहीं कर सके। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि निर्धारित अवधि के भीतर विधायक या विधान पार्षद नहीं बनने की स्थिति में उनके मंत्री पद पर संकट खड़ा हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button