Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: जमशेदपुर को महानगरपालिका घोषित करने की मांग, सरयू राय ने सीएम हेमंत सोरेन को लिखा पत्र

रांची: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जमशेदपुर को महानगरपालिका घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 243(जेडइ) के प्रावधानों के अनुरूप जमशेदपुर और आसपास के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों को शामिल करते हुए महानगर योजना समिति का गठन किया जाना चाहिए। सरयू राय ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि दिसंबर में होने वाले विधानसभा के आगामी सत्र से पहले इस संबंध में अधिसूचना जारी की जाए, ताकि क्षेत्र के समग्र और एकीकृत विकास का रास्ता साफ हो सके।

आसपास के क्षेत्रों को एकीकृत विकास योजना में शामिल करने की मांग

सरयू राय ने कहा कि जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति, मानगो नगर निगम, आदित्यपुर नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और बागबेड़ा, सुंदरनगर तथा गोविंदपुर समेत आसपास के क्षेत्रों को एकीकृत विकास योजना के दायरे में लाने की जरूरत है। उनके अनुसार, इन क्षेत्रों के बीच भौगोलिक निकटता और नागरिक सुविधाओं को लेकर परस्पर निर्भरता है। ऐसे में महानगरपालिका की व्यवस्था विकसित करने और महानगर योजना समिति का गठन करने की आवश्यकता है।

पेयजल, बिजली और सफाई व्यवस्था में होगा सुधार

विधायक ने कहा कि महानगर योजना समिति के माध्यम से पेयजल, बिजली और सफाई जैसी बुनियादी नागरिक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की जा सकती है। इसके साथ ही क्षेत्र की विकास योजनाओं को समन्वित तरीके से तैयार करने और लागू करने में भी मदद मिलेगी।उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ स्थानीय पर्यावरण और पारिस्थितिकी के उन्नयन पर भी जोर दिया। सरयू राय के मुताबिक, जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए एकीकृत योजना और समन्वित व्यवस्था जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button