NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: लव मैरिज के 6 साल बाद ट्रक ड्राइवर पति ने मासूम बच्चों के सामने ईंट से सिर कूचकर पत्नी को उतारा मौत के घाट, फरार

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मैनाठेर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के रसूलपुर हमीर गांव में एक कलयुगी पति ने अपने तीन मासूम बच्चों के सामने ही अपनी पत्नी की ईंट से सिर कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस को घटनास्थल से खून से सनी ईंट बरामद हुई है।

6 साल पहले की थी लव मैरिज

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रसूलपुर हमीर गांव का रहने वाला नसीम (32) पेशे से ट्रक ड्राइवर है। 6 साल पहले नसीम ने गांव की ही रहने वाली सना (30) से प्रेम विवाह (लव मैरिज) किया था। दोनों के तीन छोटे बच्चे हैं— बेटी मन्नत (5), बेटा अली हमजा (3) और एक साल की छोटी बेटी आयत। सना शादी के बाद से ही अपने मायके से कुछ ही दूरी पर स्थित एक मकान में पति और बच्चों के साथ रह रही थी।

कहासुनी के बाद ईंट से ताबड़तोड़ वार

परिजनों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से दोनों पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे नसीम और सना के बीच फिर से विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि आपा खोकर नसीम ने घर में रखी ईंट से सना के सिर पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए।

मां की चीख से जगे मासूम, अस्पताल में तोड़ा दम

सना की दर्दनाक चीखें सुनकर 5 साल की बड़ी बेटी मन्नत और बाकी दोनों बच्चे भी जाग गए। बच्चों की आंखों के सामने ही सना लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। हत्या को अंजाम देने के बाद नसीम घर का दरवाजा बंद कर भाग निकला। पिता के जाने के बाद डरी-सहमी मासूम मन्नत रोती हुई अपने नाना-नानी के घर पहुंची और घटना की जानकारी दी।मायके वाले आनन-फानन में सना को जिला अस्पताल लेकर भागे, जहां उसकी सांसें चल रही थीं। लेकिन, अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान सना ने दम तोड़ दिया।

गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने बनाईं 3 टीमें

घटना की सूचना मिलते ही मैनाठेर थाना प्रभारी किरनपाल सिंह पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसएसपी सतपाल अंतिल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी नसीम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी का सुराग मिल चुका है और उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button