Delhi : सीयूईटी यूजी परीक्षा में तकनीकी गड़बड़ी, प्रभावित अभ्यर्थियों को मिलेगा दोबारा परीक्षा का मौका

कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट के दौरान तकनीकी खराबी के कारण कई अभ्यर्थियों को परीक्षा देने में परेशानी का सामना करना पड़ा। इस पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने प्रभावित उम्मीदवारों को राहत देते हुए दोबारा परीक्षा का अवसर देने की घोषणा की है।एनटीए ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा 30 मई को तकनीकी कारणों से प्रभावित हुई और जो परीक्षा पूरी नहीं कर सके, उनके लिए नई परीक्षा तिथियां जल्द जारी की जाएंगी।

टीसीएस ने दी तकनीकी समस्या की जानकारी

एनटीए के अनुसार, परीक्षा संचालन के दौरान कुछ केंद्रों पर तकनीकी दिक्कतें सामने आई थीं। परीक्षा के तकनीकी सेवा प्रदाता टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज ने भी सर्वर और तकनीकी गड़बड़ियों की पुष्टि की है।

एनटीए ने सोशल मीडिया पर जारी किया बयान

एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि 30 मई की पहली शिफ्ट में जिन उम्मीदवारों ने बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन कराया था और परीक्षा केंद्र पर मौजूद थे, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा पूरी नहीं कर सके, उन्हें दोबारा परीक्षा देने का अवसर दिया जाएगा।एजेंसी ने कहा कि नई परीक्षा तिथि और अन्य जानकारी जल्द जारी की जाएगी।

परीक्षा विवाद पर राहुल गांधी का हमला

इस मुद्दे को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा।उन्होंने कहा कि नीट, सीबीएसई, एसएससी और सीयूईटी जैसी परीक्षाओं में लगातार समस्याएं सामने आ रही हैं और शिक्षा व्यवस्था गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है।

अरविंद केजरीवाल और आतिशी ने भी उठाए सवाल

अरविंद केजरीवाल ने भी परीक्षा में आई तकनीकी बाधाओं को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की।वहीं आतिशी ने वाराणसी के एक परीक्षा केंद्र का वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि सर्वर की समस्या के कारण छात्र समय पर परीक्षा शुरू नहीं कर सके।

वाराणसी केंद्र पर छात्रों को हुई परेशानी

सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी के अनुसार, वाराणसी के लोहता स्थित शीतला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी परीक्षा केंद्र पर तकनीकी खराबी के चलते परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकी।बताया गया कि सुबह 9 बजे शुरू होने वाली परीक्षा तकनीकी दिक्कतों के कारण काफी देर तक शुरू नहीं हो पाई, जिससे छात्रों में चिंता और असमंजस की स्थिति बनी रही।

Exit mobile version