Maharashtra: पिंपरी चिंचवड़ में जहरीली शराब से 7 लोगों की मौत, 8 आरोपी गिरफ्तार

पिंपरी-चिंचवड़: शहर में जहरीली शराब पीने से 7 लोगों की मौत का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस त्रासदी ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। घटना में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से बीमार हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

प्रारंभिक दौर में पुलिस इन मौतों को ‘प्राकृतिक’ बता रही थी, जिसके कारण स्थानीय स्तर पर भारी आक्रोश है और पुलिस की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, अब पिंपरी-चिंचवड़ के पुलिस उपायुक्त संदीप आटोले ने आधिकारिक रूप से 7 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सख्त चेतावनी

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ करार दिया है।सीएम ने कहा कि पुलिस ने इस अवैध शराब के पूरे ‘इकोसिस्टम’ को ढूंढ निकाला है। इसकी जड़ों तक जाकर इसे पूरी तरह समाप्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस आयुक्तों को आपसी समन्वय के साथ जांच करने और संबंधित ठिकानों पर छापेमारी करने के आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त धाराएं लगाई गई हैं और ‘किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।’ पुलिस के साथ-साथ आबकारी विभाग भी इस मामले की जांच में जुटा है ताकि पता लगाया जा सके कि शराब में ऐसा क्या मिलाया गया था जो जानलेवा साबित हुआ।

जांच का दायरा बढ़ा

सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए 8 आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह जहरीली शराब कहाँ से सप्लाई की गई थी और इसके तार कहाँ-कहाँ जुड़े हैं। मुख्यमंत्री ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पूरे नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने की बात कही है।

Exit mobile version