Jharkhand: लातेहार पुलिस ने ढाई करोड़ की अवैध विदेशी शराब को किया जब्त, 5 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

लातेहार जिला पुलिस ने नशे के कारोबार और अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2.5 करोड़ रुपये मूल्य की 1054 पेटी अवैध विदेशी शराब जब्त की है। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई में पुलिस ने पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मुख्य सरगना और ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
एसपी कुमार गौरव को मिली थी गुप्त सूचना
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची की ओर से एक 12 चक्का ट्रक में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब चंदवा के रास्ते पलामू और गढ़वा ले जाई जा रही है।सूचना के आधार पर एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद चंदवा थाना क्षेत्र के सासंग मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
स्कॉर्पियो और क्रेटा कर रही थीं शराब ट्रक की एस्कॉर्टिंग
जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्कॉर्पियो और क्रेटा कार को रोका, जो ट्रक के आगे-आगे चल रही थीं। इनके पीछे चल रहे 12 चक्का ट्रक को भी पुलिस ने रोककर तलाशी ली।तस्करों ने शराब छिपाने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। ट्रक में ऊपर एल-लाइसिन सल्फेट लिखे प्लास्टिक के बोरे रखे गए थे, जिनमें मवेशी चारा और धान की भूसी भरी हुई थी ताकि किसी को शक न हो।
भूसी के नीचे छिपाकर रखी गई थी विदेशी शराब
पुलिस ने जब बोरों को हटाकर गहराई से जांच की तो नीचे भारी मात्रा में विदेशी शराब का जखीरा बरामद हुआ। इसके अलावा स्कॉर्पियो और क्रेटा की डिक्की से भी शराब की बोतलें बरामद की गईं।पुलिस ने ट्रक समेत सभी वाहनों को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
फरार सरगना की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान गिरोह का मुख्य सरगना और ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।लातेहार पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।



