दिल्ली : दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में मंगलवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक फूड पॉइंट पर अपनी महिला मित्र के साथ खाना खा रहे 11वीं के छात्र को तीन युवकों ने गोली मार दी।बताया जा रहा है कि छात्र को दो गोलियां लगी हैं, जिनमें से एक गोली उसके ब्रेन में फंसी हुई है।
कहासुनी के बाद चलाई गोली
जानकारी के मुताबिक, वारदात शाम करीब साढ़े 7 बजे की है। छात्र अपनी दोस्त के साथ बैठकर खाना खा रहा था, तभी पास में बैठे तीन लड़कों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने छात्र पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
छात्र की हालत गंभीर
घायल छात्र को पहले मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।डॉक्टरों के अनुसार छात्र की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
प्रेम प्रसंग में वारदात की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि छात्र और उसकी महिला मित्र दोनों नाबालिग हैं और दिल्ली के एक नामी स्कूल में पढ़ाई करते हैं।हालांकि, छात्रा को इस घटना में कोई गोली नहीं लगी है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
