Bengal: पश्चिम बंगाल में सीएम शुभेंदु अधिकारी के बड़े ऐलान, महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 3000 रुपये

कोलकाता : बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 27 मई से अन्नपूर्णा योजना के लिए आवेदन फॉर्म जारी करना शुरू करेगी। इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।नादिया जिले के कल्याणी में आयोजित प्रशासनिक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि फॉर्म भरते ही लाभार्थियों के खातों में राशि ट्रांसफर होने लगेगी।उन्होंने कहा, “अन्नपूर्णा योजना की प्रक्रिया कल से शुरू हो रही है। सभी भारतीय इस योजना का लाभ लेने के पात्र होंगे।”

स्कूल और पूजा स्थलों के पास नहीं खुलेंगी शराब की दुकानें

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि स्कूलों, कॉलेजों और पूजा स्थलों के एक किलोमीटर के दायरे में शराब की दुकानें खोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।सरकार के इस फैसले को सामाजिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

5 रुपये में मिलेगा मछली-चावल का भोजन

पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्यभर की लगभग 400 विशेष कैंटीनों में सप्ताह में दो दिन सिर्फ 5 रुपये में मछली और चावल का भोजन उपलब्ध कराने का फैसला लिया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना आम लोगों, मजदूरों और जरूरतमंदों को राहत देने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है।

अलग आयुष विभाग बनाने की तैयारी

सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य विभाग से अलग एक स्वतंत्र आयुष विभाग भी स्थापित करेगी, जिससे पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा मिल सके।

जनता दरबार में उमड़ी लोगों की भीड़

दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने सोमवार को अपना दूसरा ‘जनता दरबार’ आयोजित किया, जिसमें बड़ी संख्या में नौकरी के इच्छुक युवा, शिक्षक, नर्स, पेशेवर और आम नागरिक पहुंचे।सॉल्ट लेक स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोग अपनी समस्याओं और मांगों से जुड़े ज्ञापन लेकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे।

नौकरी की उम्मीद लेकर पहुंचे युवा

जनता दरबार में बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा नौकरी की उम्मीद लेकर पहुंचे। कई शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधि, पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहीं महिलाएं और बुजुर्ग नागरिक भी अपनी समस्याएं लेकर मौजूद रहे।मुख्यमंत्री के कार्यालय पहुंचने पर “जय श्री राम”, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

Exit mobile version