Entertainment: सदाबहार अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण, राष्ट्रपति भवन में भावुक हुआ पूरा समारोह

मनोरंजन डेस्क: भारतीय सिनेमा के दिग्गज और सदाबहार अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में उनके नाम की घोषणा होते ही माहौल भावुक हो उठा।सिनेमा जगत में उनके अतुलनीय योगदान और दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली उनकी विरासत को याद करते हुए उपस्थित लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

हेमा मालिनी ने ग्रहण किया सम्मान

धर्मेंद्र की ओर से यह  मरणोप्रांत सम्मान उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों ग्रहण किया।समारोह में पहुंचीं हेमा मालिनी इस दौरान बेहद भावुक नजर आईं। सम्मान ग्रहण करते समय उनकी आंखों में आंसू साफ दिखाई दिए। उन्होंने सिर झुकाकर राष्ट्रपति का आभार व्यक्त किया।

पिता को याद कर भावुक हुईं अहाना देओल

समारोह के दौरान धर्मेंद्र की बेटी अहाना देओल भी भावुक हो गईं। अपने दिवंगत पिता को इस सम्मान से नवाजे जाते देख वह अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं और फूट-फूटकर रो पड़ीं।कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पल को बेहद भावुक और ऐतिहासिक बताया।

धर्मेंद्र की अमर फिल्मी विरासत

धर्मेंद्र ने अपने लंबे फिल्मी करियर में हिंदी सिनेमा को कई यादगार फिल्में दीं। शोले, चुपके चुपके, सत्यकाम और यादों की बारात जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को आज भी याद किया जाता है।उन्हें बॉलीवुड का ‘ही-मैन’ कहा जाता था, जिन्होंने एक्शन, रोमांस और कॉमेडी हर शैली में अपनी अलग पहचान बनाई।

सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि का दौर

धर्मेंद्र को मिले इस सम्मान के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और फिल्मी हस्तियां लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रही हैं। लोग उनकी फिल्मों, संवादों और अभिनय को याद करते हुए भावुक पोस्ट साझा कर रहे हैं।

Exit mobile version