Bihar: दूसरी शादी के 15 दिन बाद सनकी कन्हाई ने पहली पत्नी, 3 साल की बच्ची और सास-ससुर को पेट्रोल डाल जिंदा फूंका, खुद गंगा में कूदा

पटना: पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत राजा बाबू की गली में बुधवार को दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। एक तलाकशुदा पति ने अपनी पहली पत्नी के मायके में घुसकर पूरे परिवार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस भीषण आगजनी में आरोपी की पहली पत्नी, उसकी 3 वर्षीय मासूम बेटी, सास और ससुर बेहद गंभीर रूप से झुलस गए हैं। वारदात को अंजाम देने के दौरान आरोपी खुद भी आग की लपटों में घिर गया, जिससे बचने के लिए वह पास के गंगा घाट पर नदी में कूद गया।सभी घायलों और आरोपी को गंभीर हालत में इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीढ़ियों से ही पेट्रोल छिड़कते हुए घर में दाखिल हुआ आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी कन्हाई बुधवार सुबह पूरी तैयारी और योजना के साथ अपनी पहली पत्नी के मायके पहुंचा था। कन्हाई ने सुबह अपनी पहली पत्नी मोनी को फोन कर उसकी लोकेशन पूछी कि वह घर पर ही है या कहीं बाहर गई है। जैसे ही उसे पुख्ता हुआ कि सब घर पर हैं, वह बोतलों में पेट्रोल लेकर राजा बाबू की गली स्थित उनके घर आ धमका।सनकी कन्हाई घर की सीढ़ियों से ही पेट्रोल छिड़कना शुरू कर चुका था। अंदर दाखिल होते ही उसने कमरे में मौजूद सभी चार लोगों पर पेट्रोल उड़ेल दिया और माचिस मार दी। जब तक पड़ोसियों को भनक लगती और आग पर काबू पाया जाता, पूरा कमरा धू-धू कर जल उठा।
इस जानलेवा हमले में ये लोग हुए गंभीर रूप से घायल
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर के भीतर मौजूद किसी भी सदस्य को भागने का मौका नहीं मिला। घटना में निम्नलिखित लोग बुरी तरह झुलसे हैं जिसमे पुरुषोत्तम अग्रवाल (ससुर),नीलम अग्रवाल (सास),मोनी कुमारी (पहली पत्नी) और 3 वर्षीय मासूम बच्ची (कन्हाई और मोनी की बेटी) शामिल है।
तलाक के बाद भी कर रहा था पैसों की डिमांड, 15 दिन पहले की थी दूसरी शादी
अस्पताल के बेड पर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे ससुर पुरुषोत्तम अग्रवाल ने पुलिस को दिए अपने प्रारंभिक बयान में इस खौफनाक वारदात के पीछे की मुख्य वजह बताई है।कन्हाई अक्सर अपनी पत्नी मोनी कुमारी के साथ बुरी तरह मारपीट और प्रताड़ित करता था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर मोनी ने कानूनी रूप से उससे तलाक ले लिया था।पुरुषोत्तम अग्रवाल का आरोप है कि कन्हाई ने तलाक देने और मोनी को छोड़ने के एवज में मायके वालों से मोटी रकम (पैसे) भी ऐंठी थी।
दूसरी शादी और दोबारा लालच
महज 15 दिन पहले ही कन्हाई ने दूसरी जगह शादी की थी। दूसरी शादी के बाद वह एक बार फिर पैसों की तंगी से जूझ रहा था और मोनी के परिवार पर दोबारा मोटी रकम देने का दबाव बना रहा था। पैसे देने से इनकार करने पर उसने इस सामूहिक हत्याकांड की साजिश रच डाली।
खुद आग की लपटों में घिरा, तो कंगन घाट पर गंगा में कूदा
पेट्रोल छिड़ककर माचिस मारने के दौरान कमरे में गैस बन जाने के कारण एक जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिसकी चपेट में खुद आरोपी कन्हाई भी आ गया और उसके पूरे शरीर में आग लग गई। चीखते हुए कन्हाई बदहवास हालत में घर से बाहर भागा और खुद को बचाने के लिए भागते हुए सीधे कंगन घाट पहुंचा, जहाँ उसने उफनती गंगा नदी में छलांग लगा दी।स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे नदी से बाहर निकाला गया। वह भी बुरी तरह झुलस चुका है और पुलिस अभिरक्षा में एनएमसीएच के बर्न वार्ड में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
घटनास्थल पर पहुंची चौक थाना पुलिस को गली में पेट्रोल से भरी एक और लावारिस बोतल मिली है, जिसे चोर-उचक्कों या आरोपी द्वारा बैकअप के तौर पर रखने की आशंका है। पटना पुलिस ने एफएसएल की टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया है। चौक थाना प्रभारी ने बताया कि चारों पीड़ितों की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। आरोपी पुलिस की कड़ी निगरानी में है और होश में आते ही उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।



