Bengal: शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में बड़ा खुलासा, सीबीआई ने मुख्य आरोपी शूटर को किया गिरफ्तार

सीबीआई ने पश्चिम बंगाल में हुए चर्चित पीए हत्याकांड मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शूटर राजकुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुलिस और सीबीआई की संयुक्त टीम ने सोमवार को नेशनल हाईवे-58 स्थित छपार टोल प्लाजा से दबोचा।जानकारी के अनुसार आरोपी हरिद्वार से दिल्ली भागने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का असली नाम राजकुमार सिंह है, जबकि वह राज सिंह के नाम से भी जाना जाता है।
शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या से जुड़ा है मामला
यह मामला शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या से जुड़ा हुआ है। चंद्रनाथ रथ की 6 मई को मध्यग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम आने के दो दिन बाद हुई थी, जिसके बाद पूरे बंगाल में सनसनी फैल गई थी।
अब तक चार आरोपियों की हो चुकी गिरफ्तारी
इस हत्याकांड में अब तक कुल चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले पश्चिम बंगाल पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जो फिलहाल 23 मई तक सीबीआई की हिरासत में हैं। अब सीबीआई ने मुख्य आरोपी माने जा रहे शूटर राजकुमार सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है।सूत्रों के मुताबिक आरोपी को मंगलवार 19 मई को कोलकाता कोर्ट में पेश किया जाएगा। हालांकि, जांच एजेंसियों को अभी तक हत्या के पीछे के मकसद का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
बलिया का रहने वाला है आरोपी
राजकुमार सिंह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रसड़ा थाना क्षेत्र के रत्तूपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। इस मामले में रविवार को एसटीएफ की टीम आरोपी के पैतृक घर पहुंची थी और परिजनों से पूछताछ की थी।आरोपी के पिता त्रिभुवन नारायण सिंह ने बताया कि उन्हें सोमवार सुबह सीबीआई अधिकारियों का फोन आया था, जिसमें राजकुमार सिंह को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी गई।
बंगाल सरकार के अनुरोध पर सीबीआई ने संभाली जांच
चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम बंगाल सरकार के अनुरोध पर सीबीआई ने जांच अपने हाथ में ली थी। फिलहाल एजेंसी पूरे नेटवर्क और हत्या की साजिश से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।



