NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: आगरा में यमुना नदी में बड़ा हादसा, नहाने गए 6 बच्चे डूबे, 3 की मौत

आगरा के कमला नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को यमुना नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में उतरे छह बच्चे अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है। एक अन्य बच्चे की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्चे यमुना नदी किनारे नहा रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में अन्य बच्चे भी पानी में फंस गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत नदी में कूद पड़े और बचाव कार्य शुरू किया।सूचना मिलने के बाद कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीएसी की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय तैराकों की मदद से पांच बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया।

अस्पताल में तीन बच्चों ने तोड़ा दम

सभी बच्चों को गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां इलाज के दौरान कान्हा, रिया और महक की मौत हो गई। वहीं काजल और अंशू की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

एक बच्चे की तलाश जारी

घटना के बाद एक अन्य बच्चे की तलाश के लिए देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। गोताखोर लगातार नदी में सर्च अभियान चला रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के घाटों और नदी किनारों पर भी तलाश तेज कर दी है।

हादसे के बाद क्षेत्र में मातम

दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से यमुना नदी के खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।लोगों का कहना है कि गर्मी के दिनों में बड़ी संख्या में बच्चे और युवक नदी किनारे नहाने पहुंचते हैं, लेकिन कई स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण इस तरह के हादसे लगातार सामने आते रहते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button