BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी ने पत्नी, बेटी और बेटे की हत्या की, आरोपी हिरासत में

जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित एग्रिको रोड नंबर-2 के क्वार्टर संख्या एल5/13 में सोमवार सुबह हुए ट्रिपल मर्डर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी रविंद्र प्रसाद सिंह पर अपनी पत्नी, गर्भवती बेटी और बेटे की हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया है।

मृतकों की पहचान, गर्भवती थी बेटी

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सरिता सिंह (55), सुप्रिया सिंह (31) और रविषेक कुमार (30) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक सुप्रिया सिंह शादीशुदा थी और करीब तीन महीने की गर्भवती थी। इस घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

आरोपी ने खुद पुलिस को दी हत्या की सूचना

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सोमवार तड़के करीब 4 बजे आरोपी रविंद्र सिंह ने कथित तौर पर धारदार हथियार और भारी वस्तु से वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद उसने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को खुद घटना की जानकारी दी।सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस जब घर के अंदर पहुंची तो अलग-अलग कमरों और किचन में तीनों शव पड़े मिले। घर के अंदर चारों तरफ खून फैला हुआ था।

घर से हथौड़ा और कुल्हाड़ी बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से एक हथौड़ा और कुल्हाड़ी बरामद की है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने खुद को जलाने की भी कोशिश की थी। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

एएसपी बोले- आरोपी खुद को मानसिक रूप से बीमार बता रहा

मौके पर पहुंचे एएसपी ऋषभ त्रिवेदी ने बताया कि आरोपी ने हत्या की बात कबूल की है, लेकिन वह खुद को मानसिक रूप से बीमार बता रहा है। हालांकि उसने अभी तक हत्या की स्पष्ट वजह नहीं बताई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

दिल्ली में रहने वाली बेटी ने पड़ोसियों को किया फोन

पड़ोसियों के मुताबिक सुबह दिल्ली में रहने वाली रविंद्र सिंह की दूसरी बेटी ने फोन कर बताया कि घर के लोग कॉल रिसीव नहीं कर रहे हैं। इसके बाद पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।कुछ देर बाद आरोपी की साली अपने बेटे के साथ मौके पर पहुंची। बताया गया कि पीछे के रास्ते से अंदर जाकर स्थिति का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पूरे घटनास्थल को सील कर दिया है और सीन रीक्रिएट कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि वारदात किस तरह अंजाम दी गई।

स्थानीय लोगों में दहशत

स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार रात तक परिवार में सबकुछ सामान्य था। देर रात तक परिवार के सदस्यों से बातचीत भी हुई थी। ऐसे में अचानक हुई इस वारदात ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button