NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: यूपी में 6 नए मंत्रियों ने ली शपथ, योगी मंत्रिमंडल में अब कुल 60 सदस्य

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को योगी सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार हुआ। जन भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में 6 नए मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सभी नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे।

भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडे बने कैबिनेट मंत्री

मंत्रिमंडल विस्तार में भूपेंद्र सिंह चौधरी और मनोज पांडे को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। दोनों नेताओं को बीजेपी संगठन और सामाजिक समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

अजीत पाल और सोमेंद्र तोमर का प्रमोशन

योगी सरकार में पहले से राज्य मंत्री रहे अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर को प्रमोट कर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है। इसे सरकार में उनके बढ़ते प्रभाव और कार्यशैली का इनाम माना जा रहा है।

चार नेताओं ने राज्य मंत्री पद की शपथ ली

इसके अलावा कृष्णा पासवान, कैलाश सिंह राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा ने राज्य मंत्री पद की शपथ ली। बीजेपी ने इस विस्तार में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने की कोशिश की है।

योगी मंत्रिमंडल में अब 60 सदस्य

उत्तर प्रदेश विधानसभा में संवैधानिक प्रावधानों के तहत अधिकतम 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। 6 नए मंत्रियों के शामिल होने के बाद अब योगी मंत्रिमंडल की संख्या पूरी हो गई है।

2027 विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक संदेश

राजनीतिक जानकारों के अनुसार यह मंत्रिमंडल विस्तार 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए किया गया है। बीजेपी ने ओबीसी, दलित और विभिन्न क्षेत्रों के नेताओं को प्रतिनिधित्व देकर चुनावी रणनीति को मजबूत करने की कोशिश की है।

राज्यपाल से मुलाकात के बाद तेज हुई थी अटकलें

शनिवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की थी। इसके बाद से ही मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं तेज हो गई थीं। अब शपथ ग्रहण के साथ इन अटकलों पर विराम लग गया है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button