BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: कपाली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16.50 लाख के ब्राउन शुगर के साथ महिला समेत तीन तस्कर गिरफ्तार

सरायकेला । सरायकेला-खरसावां जिले की कपाली थाना पुलिस को नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बंधुगोडा क्षेत्र में छापेमारी कर 16 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों और एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियो में महाराज अली (22 वर्ष), निवासी कमलपुर, सिनी थाना क्षेत्र, अजगर अली (52 वर्ष), निवासी बंधुगोडा (बड़गछ के पास), कपाली, शबनम परवीन (24 वर्ष),निवासी मुस्लिम बस्ती, आदित्यपुर का नाम शामिल है । गुरुवार को तीनो को सरायकेला जेल भेज दिया गया है ।पुलिस अधिक्षक कार्यालय में एक प्रेस कोंफ्रेंस में जानकारी देते हुए पुलिस अधिक्षक निधि द्विवेदी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कपाली थाना क्षेत्र के बंधुगोडा स्थित इम्तियाज खान के घर पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने मौके से कुल 679 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की, जिसका कुल वजन 82.80 ग्राम मापा गया है। नशीले पदार्थों के अलावा पुलिस ने तस्करों के पास से एक वेट मशीन (तौलने वाली मशीन), एक बुलेट, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो एंड्रॉइड फोन और एक कीपैड फोन भी जब्त किया है।पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार महाराज अली एक शातिर अपराधी है। उस पर पहले से ही तीन मामले दर्ज हैं और वह वर्तमान में आरआईटी थाना क्षेत्र का वांछित अपराधी भी था।पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संपर्कों और ड्रग्स सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।

नशे के खिलाफ जंग: एसपी निधि द्विवेदी की सख्त चेतावनी, ‘ड्रग्स कारोबारियों को नहीं बख्शा जाएगा’

नशे के बढ़ते कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि जिले में ड्रग्स का धंधा करने वाले किसी भी अपराधी को छोड़ा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

युवाओं से अपील: ‘नशे को कहें ना’

नशे के दुष्परिणामों पर चिंता व्यक्त करते हुए एसपी ने युवा वर्ग से खास अपील की है। उन्होंने कहा, “युवा देश का भविष्य हैं, उन्हें हर हाल में नशे से दूर रहना चाहिए। ड्रग्स न केवल एक व्यक्ति को बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है।” उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाएं और नशे की गिरफ्त में आने से बचें।

स्कूल-कॉलेजों में चलेगा जागरूकता अभियान

केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि बचाव की दिशा में कदम उठाते हुए एसपी ने घोषणा की कि पुलिस अब शैक्षणिक संस्थानों में दस्तक देगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इसके माध्यम से छात्रों को नशे के शारीरिक, मानसिक और कानूनी परिणामों के बारे में विस्तार से बताया जाएगा, ताकि वे जागरूक होकर दूसरों को भी इसके प्रति सचेत कर सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button