Bihar INFACTNews

Bihar: खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, 4 युवकों की दर्दनाक मौत,

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना अंतर्गत रतनपुर में रविवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा हुआ। नेशनल हाईवे-27 (NH-27) पर एक अनियंत्रित कार ने मुख्य सड़क पर खड़े ट्रेलर ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

बाइक सवार को बचाने में हुआ हादसा

चश्मदीदों और पुलिस के अनुसार, हादसा दोपहर के समय हुआ जब एक नीले रंग की कार मुजफ्फरपुर शहर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी। एनएच पर बने एक अवैध कट से अचानक एक बाइक सवार मुख्य सड़क पार करने लगा। उसे बचाने की कोशिश में कार चालक ने नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कार करीब 80 किमी/घंटा की रफ्तार से सड़क की मेन लेन में खड़े एक लाइन होटल के सामने खड़े ट्रक ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और शव गेट में ही फंस गए।

मृतकों की पहचान और हृदयविदारक मंजर

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि कार के परखच्चे उड़ चुके थे और शवों को निकालना बेहद मुश्किल साबित हुआ।मृतकों में दो की पहचान मोतीपुर के साढ़ा डंबर पंचायत अंतर्गत हुर्राहा निवासी सोनू कुमार और कृष्णा कुमार के रूप में हुई है। अन्य दो मृतकों की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।मृतक सोनू कुमार मोतीपुर में एक निजी नर्सिंग होम चलाता था और उसकी अपनी पानी की फैक्ट्री भी थी।

स्थानीय लोगों का आक्रोश: “मौत के कट” और अवैध पार्किंग

दुर्घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने एनएचएआई व स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों का आरोप है कि लाइन होटलों के सामने ट्रक चालक अवैध रूप से फोरलेन पर ही गाड़ियां खड़ी कर देते हैं, जो हादसों को न्योता देते हैं।एनएच पर स्थानीय लोगों द्वारा अपनी सुविधा के लिए बनाए गए अवैध कट के कारण आए दिन यहाँ दुर्घटनाएं होती हैं।

पुलिस की कार्रवाई

मोतीपुर थानेदार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच (मुजफ्फरपुर) भेज दिया है।दुर्घटना के बाद ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ट्रेलर ट्रक को जब्त कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए बाधित हुए एनएच-27 पर पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को हटाकर यातायात बहाल कराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button