Bengal: पश्चिम बंगाल चुनाव मतगणना से पहले हंगामा, स्ट्रॉन्ग रूम के पास संदिग्ध गाड़ी से मोबाइल बरामद

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से एक दिन पहले सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक संदिग्ध घटना ने माहौल गरमा दिया है। आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित स्ट्रॉन्ग रूम परिसर के पास एक गाड़ी से सीलबंद लिफाफे में मोबाइल फोन मिलने के बाद हड़कंप मच गया।
संदिग्ध गाड़ी को रोककर की गई तलाशी
बताया जा रहा है कि रानीगंज विधानसभा केंद्र संख्या 278 अंकित एक गाड़ी जैसे ही स्ट्रॉन्ग रूम परिसर में प्रवेश करने लगी, वहां मौजूद विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत गाड़ी को रोककर उसकी तलाशी ली।
सीलबंद लिफाफे में मिला मोबाइल
तलाशी के दौरान गाड़ी के अंदर एक सीलबंद लिफाफा मिला, जिस पर रानीगंज विधानसभा का नाम दर्ज था। जब लिफाफा खोला गया, तो उसमें कुछ दस्तावेजों के साथ एक स्विच ऑफ मोबाइल फोन भी पाया गया, जिससे मौजूद लोगों के बीच सवाल खड़े हो गए।
अधिकारियों के जवाब से बढ़ा संदेह
मौके पर मौजूद चुनाव अधिकारियों से जब इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इस मामले में अनभिज्ञता जताई। इंफ्रास्ट्रक्चर प्रभारी ने भी स्पष्ट जवाब नहीं दिया कि सीलबंद लिफाफे में मोबाइल फोन कैसे पहुंचा।
चुनाव आयोग से शिकायत की तैयारी
घटना के बाद कुछ देर के लिए परिसर में तनाव का माहौल बन गया। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने इस पूरे मामले की शिकायत चुनाव आयोग से करने की बात कही है।



