Jharkhand: 7 साल के ईशांक ने 9 घंटे 50 मिनट में पाक स्ट्रेट तैरकर पार, बने दुनिया के सबसे कम उम्र के तैराक

रांची: “कौन कहता है आसमां में सुराख नहीं हो सकता…” दुष्यंत कुमार की ये पंक्तियां रांची के 7 वर्षीय ईशांक पर बिल्कुल सटीक बैठती हैं। इतनी कम उम्र में ईशांक ने भारत और श्रीलंका के बीच स्थित पाक जलडमरूमध्य को तैरकर पार कर इतिहास रच दिया है।
29 किलोमीटर समुद्र पार, बना वर्ल्ड रिकॉर्ड
ईशांक ने श्रीलंका के तलाईमन्नार से भारत के धनुषकोडी तक करीब 29 किलोमीटर की दूरी महज 9 घंटे 50 मिनट में पूरी की। इसके साथ ही वह इस खतरनाक समुद्री रास्ते को पार करने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के तैराक बन गए हैं।इस उपलब्धि के लिए उन्हें यूनिवर्सल रिकॉर्ड्स फोरम की ओर से “यंगेस्ट एंड फास्टेस्ट पाक स्ट्रेट स्विमर” का वर्ल्ड रिकॉर्ड सर्टिफिकेट दिया गया है।
धुर्वा डैम में रोज 4-5 घंटे की प्रैक्टिस
रांची के धुर्वा निवासी ईशांक इस रिकॉर्ड के लिए रोजाना 4-5 घंटे धुर्वा डैम में अभ्यास करते थे।उन्होंने अपने कोच अमन कुमार जयसवाल और बजरंग कुमार के मार्गदर्शन में कड़ी मेहनत की, जिसका नतीजा यह ऐतिहासिक सफलता है।
स्कूल और शहर में खुशी की लहर
ईशांक श्यामली डीएवी स्कूल के कक्षा 3 के छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और पूरे शहर में खुशी की लहर है।स्कूल के प्रिंसिपल ने कहा कि इतनी कम उम्र में कठिन समुद्री परिस्थितियों में यह उपलब्धि हासिल करना असाधारण साहस और दृढ़ संकल्प का परिचायक है।
देश का नाम किया रोशन
ईशांक की इस उपलब्धि ने न सिर्फ रांची बल्कि पूरे भारत को वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित किया है। उनकी कहानी आज देशभर के बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।



