BreakingNewsUP INFACT

Uttar Pradesh: बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर केस, 50 हजार का इनामी जीतू सैनी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में चर्चित ट्रिपल मर्डर केस के मुख्य आरोपी जीतू सैनी को गुरुवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी पर डीआईजी द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

सिकंदरपुर फ्लाईओवर के पास मुठभेड़

पुलिस और स्वाट टीम की सिकंदरपुर फ्लाईओवर के पास मुख्य आरोपी जीतू सैनी और उसके साथी से आमना-सामना हो गया। दोनों ओर से हुई फायरिंग में जीतू सैनी घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।

चार पुलिसकर्मी घायल, बाल-बाल बचे दो जवान

मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी असलम और हेड कांस्टेबल मोहित मलिक को गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए। वहीं रामपाल सिंह और पुलिसकर्मी कपिल कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगने से उनकी जान बच गई।

अस्पताल में आरोपी को मृत घोषित किया गया

घायल अवस्था में जीतू सैनी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

25 अप्रैल को हुआ था सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर

घटना 25 अप्रैल की रात खुर्जा के सुभाष रोड स्थित आरजेएस फिटनेस जिम की है, जहां पूर्व सभासद संजय सैनी के भाई मनीष, अमनदीप और भतीजे आकाश सैनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में 10 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी।

अब तक कई आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अब तक इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया था। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस का बयान

सीओ शोभित कुमार और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी लंबे समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button