Entertainment: शाहरुख खान ने किया ‘कर्तव्य’ का ऐलान,पुलिस ऑफिसर के दमदार किरदार में दिखेंगे सैफ

मनोरंजन डेस्क: बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान का हालिया सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है। उन्होंने सैफ अली खान की आगामी नेटफ्लिक्स ओरिजनल फिल्म ‘कर्तव्य’ का पोस्टर शेयर करते हुए इसकी रिलीज डेट का खुलासा किया है। पोस्ट सामने आते ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
15 मई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज
शाहरुख खान ने एक्स (ट्विटर) और इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “कर्तव्य के इस चक्रव्यूह में, हर फैसला एक इम्तिहान होगा। देखें ‘कर्तव्य’, 15 मई को नेटफ्लिक्स पर।”इस ऐलान के बाद से ही दर्शक फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
दमदार किरदार में नजर आएंगे सैफ
फिल्म में सैफ अली खान एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं, जो अपने कर्तव्य और परिवार के बीच संतुलन बनाने की जंग लड़ता है। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, सही और गलत के बीच की रेखा धुंधली होती जाती है, जिससे कहानी और भी रोमांचक बनती है।
मजबूत स्टारकास्ट और टीम
फिल्म का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया जा रहा है, जिसकी निर्माता गौरी खान हैं। फिल्म का निर्देशन और लेखन पुलकित ने किया है।सैफ अली खान के साथ फिल्म में रसिका दुग्गल, संजय मिश्रा, जाकिर हुसैन, मनीष चौधरी और सौरभ द्विवेदी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
निर्माताओं और नेटफ्लिक्स की प्रतिक्रिया
रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के सीईओ वें मैसूर ने फिल्म को कर्तव्य, अंतरात्मा और कठिन सवालों से जुड़ी एक गहरी कहानी बताया।वहीं नेटफ्लिक्स इंडिया की ओरिजनल फिल्म्स की डायरेक्टर रुचिका कपूर शेख ने कहा कि फिल्म दर्शकों को लंबे समय तक सोचने पर मजबूर करेगी।



