Jharkhand: घरेलू विवाद में खौफनाक अंत, पति ने खलबट्टे से वार कर पत्नी को उतारा मौत के घाट

जमशेदपुर: शहर के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरियाबेड़ा स्थित धर्माबांधा में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामूली घरेलू विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पति बापी मंडल ने अपनी 40 वर्षीय पत्नी गीता मंडल के सिर पर खलबट्टे (लोढ़े) से जोरदार हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गीता की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
घटना की जानकारी मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। खून से लथपथ गीता मंडल को आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति बापी मंडल को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।
होटल संचालक है आरोपी पति
प्रारंभिक जांच और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी बापी मंडल डिमना रोड क्षेत्र में एक होटल संचालित करता है।मृतका गीता मंडल और बापी मंडल, दोनों की यह दूसरी शादी थी।बापी मंडल के पहली शादी से दो बच्चे हैं, जबकि गीता भी अपने पूर्व पति से अलग होकर बापी के साथ रह रही थी।
विवाद की वजह: फोन पर बातचीत और पुराना विवाद
पुलिस हिरासत में आरोपी बापी मंडल ने अपना जुर्म कबूल करते हुए हत्या की वजह का खुलासा किया है। बापी के बयान के अनुसार”पिछले कुछ महीनों से गीता की बारीडीह निवासी एक युवक से फोन पर लगातार बातचीत होती थी। इसी बात को लेकर हमारे बीच अक्सर विवाद होता था।”
पहले भी थाना पहुंचा था मामला
बताया जा रही है कि इस फोन कॉल के विवाद को लेकर पहले भी दोनों के बीच कई बार तीखी कहासुनी हो चुकी थी। मामला उलीडीह थाना तक भी पहुंचा था, जहां पुलिस और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दोनों के बीच समझौता कराकर मामला शांत कराया गया था।
मंगलवार की रात क्या हुआ?
मंगलवार की देर रात एक बार फिर इसी मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बापी आपा खो बैठा। उसने गुस्से में आकर घर में रखे भारी खलबट्टे से गीता के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जो अंततः उसकी मौत का कारण बना। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



