Bihar INFACTNews

Bihar: जेडीयू विधायक पप्पू पांडेय को बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर 7 मई तक रोक

गोपालगंज/पटना : गोपालगंज के कुचायकोट से जेडीयू विधायक अमरेंद्र पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय पर मंडरा रहे गिरफ्तारी के बादल फिलहाल छंट गए हैं। जमीन कब्जे और भू-माफियाओं को संरक्षण देने के आरोपों के बीच, कोर्ट ने विधायक और उनके सहयोगी राहुल तिवारी की गिरफ्तारी पर 7 मई तक अंतरिम रोक लगा दी है।

मीरगंज जमीन विवाद: क्या हैं आरोप?

यह पूरा मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के बेलहिया स्थित जमीन से जुड़ा है। किरण सिन्हा नामक महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। विधायक और उनके सहयोगियों पर आरोप है कि उन्होंने फर्जी दस्तावेजों के सहारे कीमती जमीनों पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया और भू-माफियाओं को शह दी।आरोपों की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने पहले ही विधायक के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया था।

कोर्ट में दलीलें: “राजनीतिक द्वेष का मामला”

सोमवार को कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान गहमागहमी रही। विधायक की ओर से राज्यसभा सांसद और देश के दिग्गज वकील मनन मिश्र ने पक्ष रखा।बचाव पक्ष ने तर्क दिया कि विधायक को केवल राजनीतिक द्वेष और उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से इस मामले में घसीटा जा रहा है। उन्होंने कोर्ट से पुलिस डायरी और एलसीआर रिकॉर्ड की मांग की।कोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिया कि अगली सुनवाई तक विधायक के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई न की जाए।

7 मई की तारीख पर टिकी नजरें

अदालत ने अब इस मामले की अगली सुनवाई 7 मई 2026 को मुकर्रर की है। तब तक पुलिस को तमाम दस्तावेजी साक्ष्य और केस डायरी कोर्ट में पेश करने होंगे। विधायक समर्थकों ने इसे न्याय की जीत बताया है।वहीं, विपक्षी दल इस मामले को लेकर सरकार को घेर रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button