Bihar INFACTNews

Bihar: सुल्तानगंज नगर परिषद में नकाबपोश बदमाशों की फायरिंग में ईओ कृष्ण कुमार की मौत, सभापति गंभीर

भागलपुर/सुल्तानगंज : मंगलवार दोपहर सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। तीन नकाबपोश अपराधियों ने दफ्तर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण कुमार की जान चली गई, जबकि सभापति राज कुमार गुड्डू जीवन और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

वारदात का खौफनाक सीसीटीवी फुटेज

घटना दोपहर करीब 4:05 बजे की है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में अपराधियों की बेखौफ हरकतें कैद हुई हैं। तीन नकाबपोश बदमाश हाथों में आधुनिक हथियार लिए दफ्तर में दाखिल होते हैं। उस समय सभापति राज कुमार गुड्डू अपने चैंबर में सैरात की बंदोबस्ती (सरकारी टेंडर प्रक्रिया) कर रहे थे। अपराधियों का मुख्य निशाना सभापति ही थे। फायरिंग शुरू होते ही वहां मौजूद ईओ कृष्ण कुमार ने साहस दिखाते हुए अपराधियों को रोकने का प्रयास किया और उनसे उलझ गए। इसी छीना-झपटी में एक गोली उनके माथे पर जा लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सभापति की हालत नाजुक

अपराधियों की फायरिंग में सभापति राज कुमार गुड्डू के सिर में भी गोली लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद दफ्तर में भगदड़ मच गई। कर्मचारी और वार्ड पार्षद जब तक कुछ समझ पाते, अपराधी फायरिंग करते हुए फरार हो गए।

मधुबनी के रहने वाले थे जांबाज अधिकारी

मारे गए ईओ कृष्ण कुमार मूल रूप से मधुबनी जिले के निवासी थे। वे बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी थे। उनकी मुख्य पोस्टिंग कहलगांव नगर पंचायत में थी, लेकिन उनके पास सुल्तानगंज नगर परिषद का अतिरिक्त प्रभार भी था। उनकी मौत की खबर से प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर है।

पुलिस की कार्रवाई: अपराधियों की पहचान हुई

घटना की सूचना मिलते ही भागलपुर एसएसपी प्रमोद कुमार यादव और सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने पुष्टि की है कि शुरुआती जांच और फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर ली गई है। अपराधी स्थानीय ही हैं।अपराधियों को पकड़ने के लिए 3 से 4 विशेष टीमों का गठन किया गया है जो संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button