मऊ/गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। गोरखपुर का एक परिवार अपनी बेटी की शादी संपन्न कराकर रांची से वापस लौट रहा था, तभी उनकी स्कार्पियो अनियंत्रित होकर एक ट्रेलर से टकरा गई। इस हादसे में परिवार के तीन सदस्यों और दो चालकों की मौके पर ही मौत हो गई।
खुशियों के घर में पसरा मातम
गोरखपुर के खोराबार (रानीडीहा) निवासी विनय श्रीवास्तव, अपनी पत्नी अर्चना और 27 वर्षीय बेटे कृतार्थ के साथ 20 अप्रैल को बेटी विमन्सा की शादी के लिए रांची गए थे। शादी की रस्में पूरी होने के बाद शनिवार को यह परिवार किराए की स्कार्पियो से गोरखपुर वापस लौट रहा था। घर में नई बहू और बेटी की शादी की चर्चाओं के बीच किसी ने नहीं सोचा था कि यह परिवार कभी घर नहीं पहुंच पाएगा।
कैसे हुआ यह खौफनाक हादसा?
पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 2:30 बजे वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर कुसुम्हा-बशारतपुर के पास हुआ तेज रफ्तार स्कार्पियो अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और उछलकर दूसरी लेन में चली गई। दूसरी दिशा से आ रहे एक भारी ट्रेलर और स्कार्पियो के बीच इतनी भीषण टक्कर हुई कि स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी इस कदर पिचक गई थी कि पुलिस को गैस कटर की मदद से शवों को बाहर निकालना पड़ा।मृतकों में विनय श्रीवास्तव (पिता),अर्चना श्रीवास्तव (माता),कृतार्थ (पुत्र),पुरुषोत्तम (चालक, निवासी गया) और नितीश (सहायक चालक, निवासी गया) मौजूद थे। हादसे में गाड़ी में मौजूद परिवार का पालतू कुत्ता भी नहीं बच सका।
नींद की झपकी या तेज रफ्तार?
थाना प्रभारी संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा लग रहा है कि देर रात चालक को नींद की झपकी आई होगी या फिर वाहन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि डिवाइडर से टकराने के बाद उस पर नियंत्रण नहीं रहा। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
शोक की लहर
इस खबर के बाद गोरखपुर के रानीडीहा इलाके और रांची स्थित ससुराल पक्ष में कोहराम मच गया है। जिस बेटी को कुछ दिन पहले विदा किया गया था, उसके सिर से माता-पिता और इकलौते भाई का साया हमेशा के लिए उठ गया।
