
गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जनपद में रिश्तों को शर्मसार करने वाले एक जघन्य अपराधी का अंत हो गया है। थाना टीला मोड़ क्षेत्र में 4 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या करने वाले मुख्य आरोपी जसीम उर्फ छोटू को स्वाट टीम ने एक मुठभेड़ के दौरान मार गिराया।
11 अप्रैल की वो खौफनाक वारदात
मुजफ्फरनगर निवासी जसीम ने बीते 11 अप्रैल को इंसानियत की सारी हदें पार कर दी थीं।आरोपी ने अपने ही सगे साले की 4 वर्षीय बेटी को टॉफी दिलाने का लालच देकर अगवा किया था। वह बच्ची को अपने कमरे पर ले गया, जहाँ दुष्कर्म के बाद उसने गला दबाकर मासूम की हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए उसने बच्ची के शव को शालीमार गार्डन क्षेत्र में एक कार के नीचे फेंक दिया था। सीसीटीवी फुटेज में उसे बच्ची को ले जाते हुए स्पष्ट देखा गया था।
बंथला नहर कट पर मुठभेड़
रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि जसीम अपने साथियों के साथ टीला मोड़ क्षेत्र में बाइक पर घूम रहा है। बंथला नहर कट पर घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। पुलिस की आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में जसीम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।अंधेरे का फायदा उठाकर जसीम के दो साथी भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश में पुलिस कॉम्बिंग (घेराबंदी) कर रही है।
पुलिसकर्मियों ने दिखाई बहादुरी
इस मुठभेड़ में बदमाशों की गोली लगने से हेड कांस्टेबल अमित और इकबाल दोनों घायल हुए हैं और उपचाराधीन हैं।कांस्टेबल मोहित शर्मा बुलेट प्रूफ जैकेट पहने हुए थे जिसकी वजह से उनकी जान बाल-बाल बची। पुलिस ने मौके से एक अवैध असलहा और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।



