Madhya Pradesh: बैंक ऑफ महाराष्ट्र में फिल्मी अंदाज में डकैती, लाखों का कैश और सोना लेकर फरार

बैढन (सिंगरौली): सिंगरौली जिले के बैढन थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर हथियारबंद बदमाशों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा को अपना निशाना बनाया। 4 से 5 नकाबपोश बदमाशों ने बैंक के भीतर घुसकर कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाया और लाखों की लूट कर आसानी से फरार हो गए।

20 मिनट तक बदमाशों का तांडव

प्रत्यक्षदर्शियों और बैंक कर्मचारियों के अनुसार, यह पूरी वारदात किसी फिल्मी सीन जैसी थी। पहले दो हथियारबंद बदमाश बैंक में घुसे और माहौल भांपने के बाद अपने तीन अन्य साथियों को अंदर बुला लिया।बदमाशों ने बंदूक की नोक पर वहां मौजूद ग्राहकों और कर्मियों को एक कोने में खड़ा कर दिया। जब बैंक मैनेजर ने नकदी की जानकारी देने में आनाकानी की, तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की। एक ग्राहक को भी बंदूक के बट से मारकर घायल कर दिया गया। बताया जा रहा है कि वारदात के वक्त बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर बदमाश करीब 20 से 30 मिनट तक अंदर लूटपाट करते रहे।

कितनी हुई लूट?

सिंगरौली पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने दलबल के साथ मौके पर पहुँचकर जांच की कमान संभाली है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बैंक में पिछले दिन का 4.5 लाख रुपये कैश रखा था, जिसे बदमाश ले गए। इसके अलावा शुक्रवार का करंट कैश और बैंक के लॉकर में रखा सोना भी लुटेरे समेट ले गए हैं। कुल कितनी राशि और कितने वजन का सोना लूटा गया है, इसका मिलान बैंक रिकॉर्ड से किया जा रहा है।

पुलिस की कार्रवाई और नाकेबंदी

शहर के बीचों-बीच हुई इस बड़ी वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए एसपी ने चार अलग-अलग टीमें बनाई हैं।सिंगरौली के सभी एग्जिट पॉइंट्स (निकासी द्वारों) को सील कर दिया गया है और पड़ोसी जिलों की पुलिस को भी अलर्ट भेजा गया है। पुलिस ने बैंक के भीतर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज कब्जे में ले लिए हैं। लुटेरों के भागने के रूट को ट्रैक किया जा रहा है।

Exit mobile version