Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: मानगो के अशोका टॉवर में बड़ा हादसा, छठे माले का छज्जा गिरने से मलबे में दबकर बुजुर्ग की मौत

जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत कुंवर बस्ती स्थित अशोका टॉवर (फेज-2) में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना घटी। बहुमंजिला इमारत की छठी मंजिल का छज्जा अचानक भरभरा कर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 60 वर्षीय बुजुर्ग मनोहर धीवर की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने अपार्टमेंट्स की निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सामान लेने निकले थे, मौत ने घेरा

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मनोहर धीवर घर से नीचे स्थित दुकान पर कुछ जरूरी सामान लेने गए थे। जैसे ही वह बिल्डिंग के नीचे पहुँचे, छठी मंजिल के छज्जे का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सीधे उनके ऊपर गिर गया।भारी मलबे के नीचे दबने के कारण उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

अस्पताल पहुँचने से पहले ही तोड़ा दम

हादसे के बाद बिल्डिंग में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में भारी मलबे को हटाकर मनोहर को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल साकची स्थित एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुँचते ही चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है।

निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल; पुलिस जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का मुआयना किया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है कि क्या छज्जा गिरने की वजह खराब निर्माण सामग्री थी या इमारत का जर्जर होना। अशोका टॉवर के निवासियों में इस घटना को लेकर काफी डर और गुस्सा है। लोगों का आरोप है कि बिल्डिंग के रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है, जिसका खामियाजा एक बेगुनाह बुजुर्ग को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा।पुलिस अब बिल्डर और सोसाइटी के जिम्मेदारों से पूछताछ करने की तैयारी में है। मानगो के इस व्यस्त इलाके में हुई इस घटना से अपार्टमेंट कल्चर में रह रहे लोगों की सुरक्षा को लेकर नई बहस छिड़ गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button