Bihar: बेगूसराय के एक्सिस बैंक में दिनदहाड़े बड़ी लूट, 6 हथियारबंद अपराधियों ने बैंक कर्मियों को बंधक बना कर उड़ाए लाखों

बेगूसराय : बिहार के बेगूसराय जिले से इस वक्त एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े हथियार के बल पर एक्सिस बैंक में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। तेघरा थाना क्षेत्र के हसनपुर स्थित बैंक शाखा में हुई इस घटना ने पुलिस प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

6 मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने बोला धावा

मिली जानकारी के अनुसार, वारदात तेघरा के हसनपुर गांव स्थित एक्सिस बैंक की है।कुल 6 मोटरसाइकिल सवार हथियारबंद अपराधी बैंक परिसर में दाखिल हुए। बैंक में घुसते ही अपराधियों ने असलहे के बल पर सभी बैंक कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों को बंधक बना लिया। हथियार के डर से बैंक कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया और अपराधी बेखौफ होकर लूटपाट करने लगे।

3 से 4 लाख की लूट, जांच में जुटे एसपी मनीष

घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष और तेघरा डीएसपी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की टीम फिलहाल पूरे मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है।शुरुआती जांच के अनुसार, अपराधियों ने करीब 3 से 4 लाख रुपये की राशि लूट ली है।पुलिस बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रूट का पता लगाया जा सके।जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया है और संदिग्ध मोटरसाइकिलों की सघन तलाशी ली जा रही है।

इलाके में दहशत का माहौल

दिनदहाड़े बैंक जैसे सुरक्षित स्थान पर हुई इस लूट ने स्थानीय लोगों और व्यवसायियों के बीच दहशत पैदा कर दी है। हसनपुर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि अपराधियों की पहचान के लिए ठोस सुराग मिले हैं और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

“6 की संख्या में अपराधी आए थे। उन्होंने हथियार के बल पर बैंक से 3-4 लाख रुपये लूटे हैं। हम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छापेमारी कर रहे हैं और जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।” — मनीष, एसपी (बेगूसराय)

Exit mobile version