Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: सरायकेला में पेयजल संकट पर नगर पंचायत सख्त, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण में मिलीं कई गंभीर खामियां

सरायकेला: नगर क्षेत्र में उत्पन्न पेयजल संकट और नागरिकों को हो रही भारी परेशानी को देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के नेतृत्व में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जलापूर्ति व्यवस्था में कई गंभीर तकनीकी और प्रबंधन संबंधी खामियां सामने आईं।

मोटर जलने से प्रभावित हुई जलापूर्ति

जानकारी के अनुसार, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की मोटर में तकनीकी खराबी आने और उसके जल जाने के कारण नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई है। इसी समस्या के समाधान और कारणों की जांच के लिए नगर पंचायत, जुडको और पीएचईडी की संयुक्त टीम ने प्लांट का निरीक्षण किया।

निरीक्षण में सामने आईं कई तकनीकी कमियां

संयुक्त जांच टीम ने पाया कि मोटर और विद्युत उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने के पीछे स्विच पैनल, रिले और अन्य सुरक्षा उपकरणों की खराब स्थिति तथा नियमित अनुरक्षण (मेंटेनेंस) का अभाव प्रमुख कारण हैं। इसके अलावा प्लांट संचालन में आवश्यक तकनीकी मानकों का भी समुचित पालन नहीं किया जा रहा था।

5 एमएलडी क्षमता के बावजूद केवल 2 एमएलडी जलापूर्ति

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि लगभग 5 एमएलडी क्षमता वाले जलापूर्ति तंत्र से वर्तमान में केवल करीब 2 एमएलडी पानी की आपूर्ति की जा रही है। इससे नगरवासियों को अनावश्यक पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने इसे केवल तकनीकी विफलता नहीं, बल्कि निगरानी और जवाबदेही की कमी का भी परिणाम बताया।

लंबित परियोजनाओं पर जताई चिंता

संयुक्त टीम ने पाया कि दीर्घकालिक और निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रस्तावित एमएलडी स्थानांतरण और जुस्को विद्युत कनेक्शन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य अब तक लंबित हैं। टीम ने इन कार्यों में हो रही देरी पर गंभीर चिंता जताते हुए शीघ्र कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।

अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश

निरीक्षण के बाद संयुक्त टीम ने पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को चिन्हित सभी तकनीकी कमियों को तत्काल दूर करने, सुरक्षा उपकरणों की बहाली, नियमित मेंटेनेंस सुनिश्चित करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।

ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, वार्ड पार्षद गौतम नायक और विक्रम मोदक, पीएचईडी के सहायक अभियंता ललित कुमार, कनीय अभियंता प्रकाश गुप्ता, जुडको के नयन मोदक, नगर पंचायत के सिटी मैनेजर सुमित सुमन, महेश जारिका, अभियंता अजय सुंडी, श्विक्की गोप, समीर रजक, प्रह्लाद साहू सहित अन्य तकनीकी अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button