Bihar: मक्के के खेत में मिली ट्यूशन टीचर की लाश, आंखें निकालीं और शरीर को चाकुओं से गोदा

पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले से रूह कंपा देने वाली एक वारदात सामने आई है। कसबा थाना क्षेत्र के कमलपुर गांव में एक प्राइवेट ट्यूशन टीचर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए मृतक की आंख और शरीर के अंगों को चाकू से गोद डाला। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
ट्यूशन पढ़ाने निकले थे, घर नहीं लौटे
मृतक की पहचान 44 वर्षीय आबिद (मथोर गांव निवासी) के रूप में हुई है। आबिद पिछले 20 सालों से अपने ससुराल में रहकर गांव के बच्चों को शिक्षा देते थे। गुरुवार दोपहर आबिद बच्चों को पढ़ाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रात भर खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
मक्के के खेत में मिला क्षत-विक्षत शव
शुक्रवार सुबह करीब 2 किलोमीटर दूर कमलपुर गांव में एक किसान जब अपने मक्के के खेत की सिंचाई करने पहुंचा, तो उसने वहां आबिद का शव देखा।आबिद की हत्या अत्यंत निर्मम तरीके से की गई थी। उनकी आंखों और शरीर के कई हिस्सों पर चाकू के गहरे घाव थे सूचना मिलते ही कसबा पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं।
“किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी”
मृतक के ससुर अब्दुल गफ्फार ने बताया कि आबिद एक सीधे-साधे इंसान थे और उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पुलिस अब इस बिंदु पर जांच कर रही है कि आखिर एक साधारण शिक्षक की इतनी बेरहमी से हत्या क्यों की गई।
पुलिस का बयान
कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया शव को पोस्टमॉर्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम वैज्ञानिक साक्ष्य इकट्ठा कर रही है। जल्द ही हत्यारों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



