Gujrat: खेड़ा में ‘ऑपरेशन बुलडोजर’,1.21 करोड़ की 42 हजार से ज्यादा शराब की बोतलें नष्ट

गुजरात: शराब माफियाओं पर सख्ती दिखाते हुए गुजरात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के नडियाद में ‘ऑपरेशन बुलडोजर’ चलाकर करीब 1 करोड़ 21 लाख रुपये की विदेशी शराब को बुलडोजर से नष्ट कर दिया गया।कोर्ट के आदेशानुसार पुलिस की मौजूदगी में 42 हजार से अधिक शराब की बोतलों को कुचलकर नष्ट किया गया। यह कार्रवाई नडियाद पीज चौकड़ी के पास की गई।

पांच पुलिस थानों की संयुक्त कार्रवाई

पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पहले विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर शराब जब्त की गई थी। बाद में अदालत के आदेश के बाद इसे नष्ट किया गया।यह शराब नडियाद डिवीजन के तहत आने वाले पांच पुलिस थानों—नडियाद रूरल,नडियाद पश्चिम,चकलासी,वसो और वड़ताल के विभिन्न मामलों में पकड़ी गई थी।

सुबह से चल रही थी नष्ट करने की प्रक्रिया

शराब नष्ट करने की प्रक्रिया सुबह से ही शुरू कर दी गई थी। इस दौरान नडियाद (डेप्युटी एसपी), शहर और ग्रामीण मामलतदार तथा संबंधित पुलिस थानों के PI (पुलिस इंस्पेक्टर) मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की।

गुजरात में शराबबंदी के बावजूद तस्करी

गौरतलब है कि गुजरात में शराबबंदी लागू है। इसके बावजूद बूटलेगर अवैध रूप से शराब की तस्करी और बिक्री करते रहते हैं। पुलिस द्वारा समय-समय पर की गई छापेमारी में ऐसी शराब पकड़ी जाती है, जिसे बाद में अदालत के आदेश पर नष्ट कर दिया जाता है।

चार वर्षों में 20 करोड़ से अधिक शराब नष्ट

पुलिस के अनुसार पिछले चार वर्षों में 20 करोड़ रुपये से अधिक की शराब जब्त कर नष्ट की जा चुकी है।हालांकि गुजरात में शराबबंदी के बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में शराब का पकड़ा जाना चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इतनी बड़ी खेप कहां से आई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

Exit mobile version