Jharkhand: एक्सएलआरआई में स्कूली विद्यार्थियों की हुई करियर काउंसलिंग

जमशेदपुर: भविष्य की राह चुनने की कशमकश में उलझे स्कूली छात्रों को सही दिशा दिखाने के उद्देश्य से, देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान एक्सएलआरआई जमशेदपुर के ह्यूमन पोटेंशियल सेंटर ‘सामर्थ्य’ ने अपने प्रमुख करियर काउंसलिंग मेले ‘दिशा’ के 13वें संस्करण का शानदार आयोजन किया। इस मेले में छात्रों को यह समझने का मौका मिला कि इंजीनियरिंग और मेडिकल के अलावा भी संभावनाओं का एक बड़ा संसार मौजूद है।

प्रतिष्ठित स्कूलों के 550 से अधिक छात्रों ने लिया हिस्सा

इस वर्ष के आयोजन में जमशेदपुर और आसपास के इलाकों के 40 से अधिक स्कूलों के छात्रों और उनके अभिभावकों ने बड़े उत्साह के साथ शिरकत की। कार्यक्रम के लिए 680 से अधिक पंजीकरण हुए। चिन्मया विद्यालय, डीएवी पब्लिक स्कूल, लोयोला, मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल , काशीडीह हाई स्कूल और डीबीएमएस जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के 550 से अधिक छात्र शामिल हुए।

35 बूथों पर मिली हर क्षेत्र की ‘इनसाइड स्टोरी’

छात्रों की मदद के लिए आयोजन स्थल पर 35 से अधिक करियर मार्गदर्शन बूथ लगाए गए थे। इन बूथों की कमान एक्सएलआरआई के 230 से अधिक छात्र स्वयंसेवकों ने संभाली, जो खुद भविष्य के कुशल प्रबंधक हैं। यहाँ छात्रों को केवल पारंपरिक क्षेत्रों की ही नहीं, बल्कि आधुनिक और उभरते करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी गई, जिनमें शामिल थे मैनेजमेंट और डेटा एनालिटिक्स,कानून और सिविल सेवा, सशस्त्र बल और खेल,सोशल साइंस, क्रिएटिव आर्ट्स और डिजाइन।

“आत्म-जागरूकता ही सफलता की कुंजी” — प्रो. डॉ. गिरिधर रामचंद्रन

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रो. डॉ. गिरिधर रामचंद्रन का प्रेरणादायक सत्र रहा। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा करियर का चुनाव करते समय ‘आत्म-जागरूकता’ और ‘अनुकूलन क्षमता’ सबसे महत्वपूर्ण है। छात्र केवल दूसरों की देखा-देखी न करें, बल्कि अपनी रुचि को पहचानें और दीर्घकालिक सोच के साथ अपना मार्ग चुनें।

अभिभावकों की भी दूर हुई शंकाएं

अक्सर अभिभावक बच्चों के करियर को लेकर अधिक तनाव में रहते हैं। ‘दिशा’ मेले में विशेष रूप से अभिभावकों के लिए सत्र आयोजित किए गए, जहाँ उन्हें बताया गया कि वे कैसे अपने बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें सही मार्गदर्शन दे सकते हैं। छात्रों ने एक्सएलआरआई के मेंटर्स के साथ आमने-सामने बैठकर अपनी शंकाएं दूर कीं और विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी के टिप्स लिए।

Exit mobile version