NewsOdisha INFACT

Odisha: ‘इस्पात रंग महोत्सव 2026’ में जमशेदपुर के कलाकारों द्वारा मंचित नाटक ‘कसक’ ने राउरकेला में बिखेरा जलवा,दो श्रेणियों में जीता सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का खिताब

जमशेदपुर/राउरकेला: बाबा जगन्नाथ की पावन धरती ओड़िशा के राउरकेला में आयोजित तीन दिवसीय ‘इस्पात रंग महोत्सव 2026’ में लौहनगरी की नाट्य संस्था ‘युवा कला नाट्य ट्रस्ट गीता थिएटर’ ने अपनी अमिट छाप छोड़ी है। पंचमरंग नाट्य थिएटर संस्था द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित महोत्सव में जमशेदपुर के कलाकारों द्वारा मंचित नाटक ‘कसक’ को जमकर सराहना मिली और टीम दो विशिष्ट पुरस्कारों के साथ शहर वापस लौट रही है।

‘कसक’: गरीबी और कर्ज के दलदल की एक मर्मस्पर्शी दास्तान

नाटक ‘कसक’ की कहानी समाज के उस अति-निम्न मध्यमवर्गीय परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो गरीबी और कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है।नाटक में बुधवा, उसकी पत्नी सुगनी और उनके दो बच्चों (फुलवा व सोहन) की व्यथा को दर्शाया गया है। परिवार की खुशियों के लिए बुधवा कर्ज लेता है, जिसे चुकाने के बदले गांव का दबंग ठाकुर और उसके लोग परिवार की मानहानि करते हैं।कर्ज के बोझ और सम्मान की रक्षा के लिए सुगनी द्वारा अपनी इज्जत का सौदा करने की विवशता और अंत में उसके द्वारा की गई आत्महत्या समाज को झकझोर कर रख देती है। यह नाटक समाज में कर्ज लेकर जरूरतें पूरी करने की बढ़ती प्रथा के खिलाफ एक कड़ा संदेश और जागरूकता पैदा करने का प्रयास है।

जमशेदपुर को मिले ये दो प्रमुख पुरस्कार

प्रतियोगिता में झारखंड के तीन जिलों (धनबाद, गिरिडीह और जमशेदपुर) सहित 8 राज्यों के लगभग 15 नाट्य दलों ने हिस्सा लिया था। कड़े मुकाबले के बीच गीता थिएटर ने दो पुरस्कार जीतकर शहर का मान बढ़ाया।ठाकुर के चेला की भूमिका निभाने वाले आलेख झा को ‘इस्पात सर्वश्रेष्ठ हास्य अभिनेता’ का पुरस्कार मिला। सोहन का पात्र निभाने वाले मानगो के नजरिया मध्य विद्यालय के छात्र करण साव को ‘इस्पात सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार अभिनेता’ के पुरस्कार से नवाजा गया।

मंच पर नजर आए ये कलाकार

नाटक में खुशी पाण्डेय (सुगनी), आयुष राय (बुधवा), सुमति उमराव (फुलवा), करण साव (सोहन), प्रतिज्ञा पांडे (राधा मौसी) और प्रेम दीक्षित (खलनायक ठाकुर) ने अपने सजीव अभिनय से दर्शकों को भावुक कर दिया। पर्दे के पीछे अनिल सरकार और रूबि का तकनीकी सहयोग सराहनीय रहा।

अध्यक्ष ने दी बधाई

टीम की इस उपलब्धि पर गीता थिएटर की अध्यक्ष गीता कुमारी ने पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद जमशेदपुर के कलाकारों ने अंतरराज्यीय मंच पर जो प्रदर्शन किया है, वह गर्व की बात है। नाट्य दल आज शाम तक जमशेदपुर वापस लौट आएगा, जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button