पटना। बिहार की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार कैबिनेट में मंत्री नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। नितिन नवीन के पास मंत्रिमंडल में दो महत्वपूर्ण विभाग— पथ निर्माण विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग की जिम्मेदारी थी।
दिल्ली से मुख्यमंत्री को भेजा इस्तीफा
मिली जानकारी के अनुसार, नितिन नवीन ने राष्ट्रीय स्तर की संगठनात्मक जिम्मेदारियों के कारण यह कदम उठाया है। उन्होंने दिल्ली से ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना इस्तीफा भेज दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब इस इस्तीफे को अपनी अनुशंसा के साथ राज्यपाल को भेजेंगे। राज्यपाल द्वारा इस्तीफा स्वीकार किए जाने के बाद, नितिन नवीन के पास रहे विभाग किसी अन्य मंत्री को आवंटित किए जाएंगे।संभावना जताई जा रही है कि इस संबंध में देर शाम तक आधिकारिक अधिसूचना जारी हो जाएगी।
संगठनात्मक भूमिका पर देंगे ध्यान
नितिन नवीन को हाल ही में भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी। माना जा रहा है कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें संगठनात्मक कार्यों पर पूर्ण रूप से ध्यान केंद्रित करने का निर्देश दिया है, जिसके चलते उन्हें मंत्री पद छोड़ना पड़ा है।उनके इस्तीफे के बाद अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि उनके पास रहे दोनों महत्वपूर्ण विभाग—पथ निर्माण और नगर विकास—किस मंत्री को सौंपे जाते हैं।
