Bengal: ममता बोलीं- ‘हमारी जीत तय’, सुवेंदु का दावा- ‘125 सीटें जीत रही बीजेपी

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत आज 152 सीटों पर मतदान संपन्न हुआ। निर्वाचन आयोग के अनुसार, शाम पांच बजे तक राज्य में 89.93% मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले कई चुनावों के रिकॉर्ड तोड़ता नजर आ रहा है। इस भारी मतदान के बीच ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बयानों ने राजनीतिक पारा चढ़ा दिया है।
ममता बनर्जी का हुंकार: “भाजपा का अंत चाहती हूँ”
कोलकाता के बो बाजार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी जीत का भरोसा जताया ममता ने कहा, “शुरुआती रुझान बताते हैं कि टीएमसी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। हम पहले ही जीत की स्थिति में हैं।”उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी दिलचस्पी किसी पद में नहीं, बल्कि केंद्र की सत्ता से भाजपा को हटाने में है। उन्होंने कहा कि चुनाव बाद वह सभी विपक्षी दलों को एकजुट कर दिल्ली कूच करेंगी।
सुवेंदु अधिकारी का गणित: “125 सीटों पर खिलेगा कमल”
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने मतदान के आंकड़ों पर प्रसन्नता जताते हुए बड़ा दावा किया। सुवेंदु ने कहा कि पहले फेज की 152 सीटों में से भाजपा 125 सीटें जीतने जा रही है।उन्होंने दावा किया कि 85 फीसदी हिंदू मतदाता भाजपा के साथ मजबूती से खड़े हैं।सुवेंदु ने कहा कि दूसरा फेज उनके लिए मुश्किल नहीं है, बस प्रशासन को ‘गुंडागर्दी’ पर काबू पाना होगा।
चुनाव आयोग की सफलता और अगला चरण
छिटपुट घटनाओं को छोड़कर, सुवेंदु अधिकारी ने भी माना कि चुनाव आयोग शांतिपूर्ण मतदान कराने में सफल रहा है।पहले चरण की इन 152 सीटों का फैसला अब ईवीएम में कैद हो चुका है।अब सबकी नजरें 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान पर हैं, जहां 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।90 फीसदी के करीब हुई वोटिंग ने यह साफ कर दिया है कि बंगाल की जनता बदलाव या निरंतरता के मुद्दे पर बेहद जागरूक है। जहां टीएमसी इसे अपनी विकास योजनाओं की जीत मान रही है, वहीं भाजपा इसे परिवर्तन की लहर करार दे रही है।



