Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: रांची में आदिवासी एकता महाजुटान रैली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 26 स्थानों पर तैनात होंगे दंडाधिकारी और पुलिस बल

रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में रविवार, 30 अगस्त को आयोजित होने वाली आदिवासी एकता महाजुटान रैली को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राज्यभर से बड़ी संख्या में ग्रामीणों और महिलाओं के रैली में पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।रांची के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी और एसएसपी की ओर से संयुक्त आदेश जारी कर अधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

सुबह 8 बजे से संभालेंगे अधिकारी मोर्चा

रैली की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 30 अगस्त की सुबह 8 बजे से अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति प्रभावी होगी। यह व्यवस्था कार्यक्रम के शांतिपूर्ण समापन तक जारी रहेगी।मोरहाबादी मैदान और आसपास के इलाकों को सुरक्षा की दृष्टि से 26 प्रतिनियुक्ति स्थलों में बांटा गया है। संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर प्रशासनिक दंडाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारी और लाठी बल की तैनाती की गई है।

प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट

रैली को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों और चौराहों पर बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट लगाए गए हैं। इनमें एसएसपी आवास से उपायुक्त आवास मार्ग, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के आवास के पास, स्व. शिबू सोरेन के आवास के समीप मार्ग, उपायुक्त आवास से आगे गुटका चौक, बापू वाटिका और रांची कॉलेज मोड़ शामिल हैं।आपात स्थिति से निपटने के लिए मोरहाबादी टीओपी प्रभारी के अधीन एक क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) को रिजर्व में रखा गया है।

ट्रैफिक व्यवस्था की जिम्मेदारी ट्रैफिक एसपी को

रैली के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी ट्रैफिक एसपी को दी गई है। भीड़ और वाहनों की स्थिति के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर रूट डायवर्जन और अतिरिक्त ट्रैफिक बलों की तैनाती की जाएगी।पूरे जिले की विधि-व्यवस्था की निगरानी सिटी एसपी और सदर अनुमंडल पदाधिकारी करेंगे। दोनों अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है।

मेडिकल टीम और दो एंबुलेंस रहेंगी तैनात

बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए रैली स्थल पर स्वास्थ्य सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है। रांची के सिविल सर्जन को डॉक्टरों की टीम, जीवन रक्षक दवाओं और दो एंबुलेंस के साथ मोरहाबादी मैदान में तैनात रहने का निर्देश दिया गया है।किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी।

फायर ब्रिगेड और पेयजल की भी व्यवस्था

अग्निशमन विभाग को भी कार्यक्रम के दौरान पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। जिला अग्निशमन पदाधिकारी को सुबह 7 बजे से अग्निशमन वाहनों और कर्मियों के साथ कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहने को कहा गया है।वहीं, रांची नगर निगम को रैली स्थल के आसपास पर्याप्त संख्या में पेयजल टैंकर उपलब्ध कराने और भीड़ वाले स्थानों पर मोबाइल टॉयलेट लगाने का अनुरोध किया गया है।

रैली खत्म होने के बाद भी जारी रहेगी सुरक्षा

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश जारी किए हैं। रैली समाप्त होने के बाद भी सुरक्षा बल और दंडाधिकारी अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर एक घंटे तक तैनात रहेंगे।इसका उद्देश्य रैली के बाद भीड़ की आवाजाही के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने से रोकना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button