Jharkhand:हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में सड़क पर उतरे एनडीए कार्यकर्ता, बाजार रहे बंद

जमशेदपुर: करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या और शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में शुक्रवार को एनडीए द्वारा आहूत जमशेदपुर बंद का व्यापक असर सुबह से ही शहर के विभिन्न इलाकों में देखने को मिला। बंद के समर्थन में भाजपा और एनडीए के कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतर आए और विभिन्न बाजारों व चौक-चौराहों पर प्रदर्शन करते हुए लोगों से बंद का समर्थन करने की अपील की।
प्रमुख बाजारों में निकले जुलूस, व्यापारियों ने दिया समर्थन
साकची, बिष्टुपुर, जुगसलाई, मानगो, गोलमुरी समेत शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में भाजपा और एनडीए कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने खुली दुकानों के संचालकों से शांतिपूर्ण तरीके से दुकानें बंद करने का आग्रह किया।अधिकांश व्यापारियों ने बंद का समर्थन करते हुए अपने प्रतिष्ठान बंद रखे, जिसके कारण सुबह के समय बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम चहल-पहल देखने को मिली।
हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी
साकची गोलचक्कर, बिष्टुपुर बाजार और अन्य प्रमुख स्थानों पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हिमांशु सिंह हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया है और लगातार हो रही हत्या, लूट, छिनतई तथा अन्य आपराधिक घटनाओं से आम नागरिकों में असुरक्षा का माहौल बन गया है।उन्होंने हत्याकांड के सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की।
शहरभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बंद को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में रही। संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भारी संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मोबाइल पेट्रोलिंग और त्वरित कार्रवाई दल को भी सक्रिय रखा गया।
यातायात आंशिक रूप से प्रभावित, आवश्यक सेवाएं रहीं सामान्य
बंद के कारण सुबह के समय शहर के कई हिस्सों में यातायात आंशिक रूप से प्रभावित रहा। हालांकि अस्पताल, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं।प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। समाचार लिखे जाने तक शहर में बंद शांतिपूर्ण ढंग से जारी था और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई थी।



