New Delhi: झारखंड की बेटी झिलिक का दिल्ली में गूंजा नाम, लोजपा के महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय सचिव की मिली ज़िम्मेदारी।

नई दिल्ली के 71, नॉर्थ एवेन्यू स्थित केंद्रीय कार्यालय में 28 फरवरी 2026 को एक अहम फैसला लिया गया, जिसने झारखंड का मान बढ़ाया। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के महिला प्रकोष्ठ में झारखंड की बेटी झिलिक देवघरिया सरकार को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

यह नियुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रप्रभा भाटिया के विश्वास का प्रतीक है। शीर्ष नेतृत्व ने उनके समर्पण, संगठन क्षमता और महिला मुद्दों पर सक्रिय भूमिका को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व दिया।
नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव झिलिक ने इसे केवल एक पद नहीं, बल्कि जनसेवा और नारी सशक्तिकरण का मिशन बताया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य महिलाओं की भागीदारी को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत करना, संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाना और युवा पीढ़ी को नेतृत्व के लिए प्रेरित करना है।
झारखंड से दिल्ली तक का यह सफर केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी बेटियों के लिए प्रेरणा है जो बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस रखती हैं।



