Bengal INFACTBreakingNews

Bengal: कोलकाता की प्रेसिडेंसी जेल में सुरक्षा चूक, आतंकी आफताब अंसारी के सेल से आईफोन और राउटर बरामद

कोलकाता: कोलकाता के अलीपुर स्थित प्रेसिडेंसी सेंट्रल जेल में गंभीर सुरक्षा चूक का मामला सामने आया है। जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे आफताब अहमद अंसारी के सेल से छापेमारी के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी बरामद की गई है।आफताब अहमद अंसारी को 2002 में कोलकाता स्थित अमेरिकी सूचना केंद्र पर हुए आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता बताया जाता है।

गुप्त सूचना के आधार पर जेल में हुई छापेमारी

जानकारी के अनुसार, गुप्त खुफिया सूचना के आधार पर जेल विभाग के अधिकारियों ने आफताब अंसारी के 14 नंबर सेल की गहन तलाशी ली।तलाशी के दौरान कपड़ों और बिस्तरों की परतों के बीच से तीन आई फ़ोन ,वाई -फाई , राउटर, पेन ड्राइव समेत कई अन्य सामान बरामद किए गए।

सेल से क्या-क्या सामान मिला?

छापेमारी के दौरान बरामद सामान में तीन आई फ़ोन,दो वाई -फाई राउटर,पेन ड्राइव,
दो कार्ड रीडर,इयरफोन और 500 रुपये के नोटों में कुल 31 हजार रुपये नकद शामिल हैं।

जेल के अंदर व्हाट्सएप्प और टेलीग्राम इस्तेमाल करने का शक

प्राथमिक जांच के अनुसार, जांच एजेंसियों को आशंका है कि आफताब अंसारी जेल के भीतर से व्हाट्सएप्प और टेलीग्राम जैसे मैसेजिंग एप का इस्तेमाल कर रहा था।अब खुफिया एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि जेल के भीतर से इन उपकरणों का इस्तेमाल किन लोगों से संपर्क करने के लिए किया जा रहा था और क्या उसका किसी पुराने आतंकी नेटवर्क से संपर्क था।

सीमा पार नेटवर्क से संपर्क की भी जांच

जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि क्या आफताब अंसारी जेल के भीतर से पाकिस्तान स्थित किसी पुराने संपर्क या सीमा पार आतंकी नेटवर्क के संपर्क में था।फिलहाल इन संभावित संपर्कों को लेकर जांच जारी है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले एजेंसियां इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों तथा अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही हैं।

हेस्टिंग्स थाने में दर्ज हुई शिकायत

बरामदगी के बाद मामले को लेकर हेस्टिंग्स थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि जेल के अंदर प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी कैसे पहुंची।

जेल कर्मियों की भूमिका की भी जांच

घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि प्रतिबंधित सामान जेल के अंदर पहुंचाने में किसी जेलकर्मी या अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।पुलिस और जेल प्रशासन अब सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और जेल के अंदर प्रतिबंधित सामान की आवाजाही से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।

प्रेसिडेंसी जेल की सुरक्षा पर उठे सवाल

कोलकाता की हाई-सिक्योरिटी मानी जाने वाली प्रेसिडेंसी सेंट्रल जेल में एक कुख्यात आतंकी के सेल से मोबाइल फोन, नेटवर्किंग उपकरण और नकदी बरामद होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।अब जांच का मुख्य केंद्र यह है कि तीन आई फ़ोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जेल के अंदर कैसे पहुंचे और उनका इस्तेमाल किन गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button