Jharkhand: गढ़वा के जंगलों में बाघ ने भैंस को बनाया शिकार, वन विभाग ने की पुष्टि

झारखंड के गढ़वा जिले के भंडरिया थाना क्षेत्र के तेवाली गांव स्थित जंगल में बाघ की मौजूदगी से इलाके में दहशत फैल गई है। जंगल में चर रही एक पालतू भैंस पर बाघ ने हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया। घटना जोन्हीखाड़-तेवाली जंगल के नदी किनारे कोरेणडूबा क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
भैंस की तलाश के दौरान जंगल में मिला शव
पीड़ित पशुपालक अर्जुन सिंह ने बताया कि रविवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच उनकी भैंस चरते-चरते जंगल की ओर चली गई थी और वापस नहीं लौटी। सोमवार को परिवार के सदस्य उसकी तलाश में जंगल पहुंचे, जहां भैंस का शव मिला। शव की स्थिति से स्पष्ट था कि किसी बड़े जंगली जानवर ने हमला किया है। घटनास्थल पर बाघ के पंजों के निशान भी मिले हैं।
वन विभाग ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फॉरेस्टर कमलेश कुमार, तुषार कुमार और उपेंद्र कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और बाघ की गतिविधियों का आकलन किया।
डीएफओ ने बाघ के हमले की पुष्टि की
गढ़वा साउथ डिवीजन के डीएफओ एबीन बेनी अब्राहम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि भैंस का शिकार बाघ ने किया है। घटनास्थल पर बाघ के पैर के निशान भी मिले हैं। उन्होंने कहा कि बाघ ने जंगल के काफी अंदर शिकार किया है और विभाग पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है। साथ ही प्रभावित पशुपालक को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
ग्रामीणों में दहशत, जंगल नहीं जाने की अपील
बाघ की मौजूदगी की पुष्टि के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे फिलहाल अकेले जंगल की ओर न जाएं और मवेशियों को भी जंगल में चराने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को देने की सलाह दी गई है।



