Bihar INFACTNews

Bihar: समस्तीपुर में डायल-112 के एएसआई का शव थाना परिसर में मिला, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना में तैनात डायल-112 के सहायक अवर निरीक्षक बबलू कुमार प्रसाद का शव शनिवार सुबह थाना भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित एक कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।

फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलने के बाद पटोरी एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार मेधावी, सर्किल इंस्पेक्टर पवन कुमार सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस टीम को भी बुलाया गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

हाल ही में हुआ था तबादला

मृतक बबलू कुमार प्रसाद पश्चिम चंपारण जिले के बगहा के रहने वाले थे। उनका परिवार बगहा में रहता है, जबकि वह समस्तीपुर में अकेले रहकर नौकरी कर रहे थे।वह पिछले करीब ढाई वर्षों से मोहिउद्दीननगर थाना के डायल-112 में तैनात थे। हाल ही में उनका तबादला कल्याणपुर थाना के डायल-112 में हुआ था, हालांकि उन्होंने अभी वहां योगदान नहीं दिया था।

पुलिस मानसिक तनाव समेत सभी पहलुओं की कर रही जांच

समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला मानसिक तनाव से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि बबलू कुमार प्रसाद शांत स्वभाव के थे और साथी पुलिसकर्मियों से कम बातचीत करते थे। ड्यूटी के बाद अधिकतर समय अपने कमरे में ही रहते थे।एसपी के अनुसार, कुछ दिन पहले ही वह छुट्टी बिताकर अपने घर बगहा से लौटे थे। उनके परिजनों से भी बातचीत की गई है, लेकिन अब तक किसी पारिवारिक विवाद की पुष्टि नहीं हुई है।

पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार

एसपी ने बताया कि मामले की जांच की निगरानी डीआईजी मनोज कुमार तिवारी भी कर रहे हैं। थाना के सभी पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button